दिल्ली-एनसीआर में सुबह भूकंप से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 2.8 रही तीव्रता
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (19 जनवरी) की सुबह अचानक धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए। सुबह करीब 8 बजकर 44 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। कई इलाकों में लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि झटके हल्के थे, जिसके चलते किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरी दिल्ली में जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब भूकंप का केंद्र जमीन की सतह के काफी करीब होता है, तो कम तीव्रता होने के बावजूद झटके महसूस हो सकते हैं। यही वजह रही कि कई लोगों ने साफ तौर पर कंपन महसूस किया।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है दिल्ली
दिल्ली भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। राजधानी हाई रिस्क वाले सिस्मिक जोन-4 में आती है। ऐसे में हल्के झटकों के बाद भी लोगों का घबराना स्वाभाविक है। भूकंप के बाद कुछ समय तक लोग सतर्क नजर आए और सोशल मीडिया पर भी झटकों को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति की सूचना नहीं दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए।
गुजरात में भी दर्ज किया गया था भूकंप
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार (16 जनवरी) और शनिवार की दरमियानी रात गुजरात के कच्छ जिले में भी भूकंप दर्ज किया गया था। वहां भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-broker-kareem-is-shelter-skelter-on-the-bait-of-the-young-man-beating-to-die/

