नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले DRDO रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। तिमारपुर थाना क्षेत्र स्थित इस हाई सिक्योरिटी परिसर में चोरों ने एक महिला वैज्ञानिक के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर, नकदी और महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला वैज्ञानिक अपने परिवार से मिलने चंडीगढ़ गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके घर के तीन दरवाजों के ताले और अलमारी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता तब चला जब पड़ोसियों ने घर के टूटे हुए ताले देखे और महिला वैज्ञानिक को सूचना दी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 45 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी हुए सामान में लगभग 280 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के गहने, विदेशी मुद्रा और नकदी शामिल हैं।
चोरी हुए सामान में क्या-क्या शामिल?
- 15 हजार रुपये नकद
- 20 पाउंड और 50 दिरहाम विदेशी मुद्रा
- सोने का नेकलेस सेट
- 6 सोने की चूड़ियां
- 7 सोने की चेन
- 5 सोने की अंगूठियां
- 4 जोड़ी झुमके
- सोने की नथ और बच्चों की चूड़ियां
- चांदी की पायल और सिक्के
- 3 महंगी कलाई घड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इस चोरी ने DRDO जैसे हाई सिक्योरिटी कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

