Saturday, May 2, 2026
spot_img
Home Blog Page 14

दिल्ली में ‘भाऊ गैंग’ पर पुलिस का कड़ा प्रहार: बापरौला एनकाउंटर में दो शार्प शूटर घायल; रिटायर्ड SI की हत्या और गुरुग्राम शोरूम फायरिंग के आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट) ने सोमवार तड़के एक साहसिक ऑपरेशन में हिमांशु भाऊ गैंग के दो मुख्य शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बापरौला इलाके में हुई इस मुठभेड़ में दोनों शूटरों के पैर में गोलियां लगी हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है, जो दिल्ली और हरियाणा में कई संगीन वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे थे।

UER के पास खेतों में बिछाया गया था जाल

स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि भाऊ गैंग के ये शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए सोमवार तड़के रनहौला और बापरौला की तरफ आने वाले हैं। पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे UER के पास खेतों में ट्रैप लगाया। जब बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो दोनों शूटरों के पैर में लगीं। घायल हालत में पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।

रिटायर्ड पुलिसकर्मी का हत्यारा है दीपक

पकड़े गए शूटर दीपक ने 1 जनवरी को दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर दलबीर की बेरहमी से हत्या की थी। 60 वर्षीय दलबीर दिव्यांग थे और बैसाखी के सहारे चलते थे। हरियाणा के सोनीपत में उनकी मिठाई के डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री थी। आरोपी दीपक ने दलबीर की ही बैसाखी से पीट-पीटकर उनकी जान ले ली थी और शव को फैक्ट्री में छोड़कर फरार हो गया था।

गुरुग्राम के लग्जरी कार शोरूम पर की थी अंधाधुंध फायरिंग

दूसरा आरोपी अतुल, 8 मार्च को गुरुग्राम के मशहूर लग्जरी यूज्ड कार शोरूम ‘बिग बॉय टॉयज’ पर हुई फायरिंग में शामिल था। बदमाशों ने 5 करोड़ की रंगदारी न मिलने पर शोरूम पर 16 राउंड गोलियां चलाई थीं, जिसमें एक कर्मचारी और एक पालतू कुत्ता घायल हो गया था। हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए शोरूम मालिक जतिन आहूजा को जान से मारने की धमकी दी थी।

विदेश से गैंग चला रहा है गैंगस्टर हिमांशु भाऊ

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर झज्जर जिले के कुलासी गांव के रहने वाले हैं। यह पूरा गिरोह कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के इशारे पर काम कर रहा है, जो वर्तमान में विदेश में बैठकर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में जबरन वसूली और हत्या जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहा है। पुलिस अब इन दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की साजिशों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/in-dalal-min-ten-thousand-dead-city-criminals-attacked-police-temple-lahal-hakar-bhavan-kar-dabch/

दिल्ली में दुस्साहस: शिव नगर में बदमाशों ने पुलिस टीम पर किया चाकू से हमला; लहूलुहान होकर भी जवानों ने दो को दबोचा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले से खाकी पर हमले की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शिव नगर इलाके में चोरी के आरोपियों का पीछा करने पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम पर बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक एएसआई (ASI) और एक कॉन्स्टेबल घायल हुए हैं, लेकिन घायल होने के बावजूद जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

पीछा करते हुए घर तक पहुँची थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, एएसआई विनोद और कॉन्स्टेबल अभिषेक चोरी की एक वारदात के सिलसिले में संदिग्धों का पीछा कर रहे थे। पीछा करते हुए पुलिस टीम शिव नगर के एक घर तक जा पहुँची। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में एएसआई विनोद की दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है, वहीं कॉन्स्टेबल अभिषेक भी जख्मी हुए हैं। दोनों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चोरी की बाइक और हथियार बरामद

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बबलू सिंह और धर्म सिंह के रूप में हुई है, जो खुद को नांगलोई का निवासी बता रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार व हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

एक और बड़ी कामयाबी: 14 साल से फरार गैंगस्टर अर्जुन पासी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक अन्य सफल ऑपरेशन में 14 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात गैंगस्टर अर्जुन प्रसाद उर्फ अर्जुन पासी (44) को गिरफ्तार किया है। अर्जुन पासी दिल्ली और पंजाब में डकैती व लूटपाट के कई संगीन मामलों में वांछित था और 2012 के आसपास से ही पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहा था।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी इस गैंगस्टर को जानकी नगर इलाके से दबोचा। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन पासी अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहा था। इसकी गिरफ्तारी से कई पुराने अनसुलझे मामलों के खुलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:  https://delhidarpantv.com/cctv-footage-of-yamarj-becoming-a-chatterbox-in-dalals-anand-parvat-the-fruit-of-a-person-standing-on-the-ground-and-not-rubbing/

दिल्ली के आनंद पर्वत में ‘यमराज’ बना बेकाबू ट्रक: ब्रेक फेल होने से एक की मौके पर मौत; रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV आया सामने

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल होने के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक की भयावह रफ्तार और हादसे की भीषणता साफ देखी जा सकती है।

दोपहर 2 बजे मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 11 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ। आनंद पर्वत की ढलान वाली सड़क पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर दौड़ने लगा। बताया जा रहा है कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके चलते ड्राइवर गाड़ी पर काबू नहीं रख सका। ट्रक की चपेट में आने से एक राहगीर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, ट्रक ड्राइवर भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CCTV में कैद हुई तबाही की तस्वीरें

हादसे का जो सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे बेकाबू ट्रक सड़क पर मौजूद लोगों और अन्य वाहनों के लिए काल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रक किसी अन्य बड़े वाहन से नहीं टकराता, तो हताहतों की संख्या और भी ज्यादा हो सकती थी।

सड़क हादसों का बढ़ता ग्राफ चिंता का विषय

उल्लेखनीय है कि देश में सड़क हादसों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी दिन (11 अप्रैल) बिहार के कटिहार में भी एक बस और पिकअप की टक्कर में 13 लोगों की जान चली गई थी। आनंद पर्वत की इस घटना ने एक बार फिर वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट और पहाड़ी व ढलान वाले इलाकों में भारी वाहनों की एंट्री पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि जर्जर हो चुके कमर्शियल वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए ताकि तकनीकी खराबी के कारण मासूमों की जान न जाए। आनंद पर्वत पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/340th-kasam-panchayat-haryana-in-vardh-of-bihar-and-punjab-in-50000-months-of-agency-in-madhya-kashmir-state-is-fair-to-tell-about-the-drug/

340वीं किसान पंचायत: हरियाणा में ‘बायोमेट्रिक’ का विरोध और पंजाब में ₹50,000 मुआवजे की मांग; डॉ. सुनीलम ने कृषि मंत्री के दावे को बताया ‘फर्जी’

नई दिल्ली (दिल्ली दर्पण ब्यूरो): किसान संघर्ष समिति द्वारा आयोजित 340वीं किसान पंचायत राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस पंचायत में देशभर के किसान नेताओं ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ हुंकार भरी। पंचायत में मुख्य रूप से हरियाणा में गेहूं खरीद हेतु लागू ‘बायोमेट्रिक सिस्टम’ का विरोध किया गया और पंजाब में फसल बर्बादी के लिए भारी मुआवजे की मांग का पुरजोर समर्थन किया गया।

“किसानों की आय 8 गुना नहीं, बल्कि आधी रह गई”

पंचायत को संबोधित करते हुए डॉ. सुनीलम ने केंद्रीय कृषि मंत्री के उस दावे को पूरी तरह ‘फर्जी’ करार दिया, जिसमें किसानों की आय 8 गुना बढ़ जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत यह है कि लागत बढ़ने और फसलों के उचित दाम न मिलने से किसानों की आमदनी पहले के मुकाबले आधी रह गई है। उन्होंने देशभर के संगठनों से पंजाब और हरियाणा के किसानों की एकजुटता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

हरियाणा और पंजाब के आंदोलनों को मिला समर्थन

  • हरियाणा: अखिल भारतीय किसान सभा के इंद्रजीत सिंह और हरजिंदर सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद में बायोमेट्रिक सिस्टम लागू कर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जिसका संयुक्त किसान मोर्चा कड़ा विरोध कर रहा है।
  • पंजाब: पंजाब किसान यूनियन के गुरनाम सिंह भिक्की ने जानकारी दी कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से पंजाब में 1.25 लाख एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। पंचायत ने मांग की कि मुख्यमंत्री अपनी घोषणा के अनुसार ₹50,000 प्रति एकड़ मुआवजा और कर्ज माफी को तुरंत लागू करें।

छुट्टा पशु, जंगली जानवर और बिजली विभाग की लापरवाही

पंचायत में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें शामिल हैं:

  1. राष्ट्रीय कानून की मांग: जंगली जानवरों और छुट्टा पशुओं द्वारा फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कानून बनाने की मांग की गई।
  2. बिजली विभाग पर जवाबदेही: शॉर्ट सर्किट या लापरवाही से फसल जलने पर लागत का डेढ़ गुना मुआवजा देने की वकालत की गई।
  3. प्राकृतिक संसाधनों की लूट: सिंगरौली और अनूपपुर के नेताओं ने आदिवासियों के दमन और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आवाज उठाई।

आगामी कार्यक्रम: अमरोहा और सीधी में होगी महापंचायत

किसान संघर्ष समिति ने आगामी आंदोलनों की रूपरेखा भी साझा की। इसके तहत 19 अप्रैल को अमरोहा (उत्तर प्रदेश) और 7 जून को सीधी (मध्य प्रदेश) में बड़ी किसान-मजदूर पंचायत का आयोजन किया जाएगा।

मध्य प्रदेश की अध्यक्ष एड. आराधना भार्गव ने छिंदवाड़ा जिलाधीश कार्यालय पर प्रदर्शन की जानकारी दी, वहीं संदीप ठाकुर ने गेहूं खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी और तकनीकी दिक्कतों पर आक्रोश व्यक्त किया। पंचायत का संचालन रामस्वरूप मंत्री ने किया।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/special-report-this-white-thug-is-going-on-the-back-of-the-book-till-the-end-of-the-thousand-dollars/

विशेष रिपोर्ट: शिक्षा की आड़ में ‘हज़ारों करोड़’ की डकैती—कब तक रसूख की ढाल के पीछे छिपे रहेंगे ये ‘सफेदपोश’ ठग?

  • राजेंद्र स्वामी, दिल्ली दर्पण ब्यूरो

नई दिल्ली: देश का सिस्टम जब रसूखदारों के आगे नतमस्तक हो जाए, तो ‘मदर्स प्राइड’ स्कूल के कर्ता-धर्ता देवेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी सुधा गुप्ता जैसे चेहरे सामने आते हैं। कहने को तो ये शिक्षा का मंदिर चलाते हैं, लेकिन असलियत में इनके कारनामे किसी शातिर अपराधी से कम नहीं। दिल्ली, हरियाणा और यूपी में धोखाधड़ी की 28 FIR दर्ज होने के बावजूद—जिनमें CBI और ED जैसी एजेंसियां शामिल हैं—ये ठग आज भी सलाखों के पीछे होने के बजाय खुलेआम घूम रहे हैं। सवाल यह है कि हज़ारों करोड़ डकारने वाले इन अपराधियों ने आज तक कोर्ट की दहलीज पर कदम क्यों नहीं रखा ? क्या हमारा कानून सिर्फ गरीबों के लिए है?

पोंजी स्कीम का ‘खूनी’ जाल और EOW की ‘रहस्यमयी’ सुस्ती
मदर्स प्राइड और प्रेसिडियम के मालिकों ने केवल स्कूल नहीं चलाए, बल्कि अभिभावकों के भरोसे की लाश पर अपना साम्राज्य खड़ा किया। पोंजी स्कीम के जरिए “बेहतर रिटर्न” और “फीस में छूट” का ऐसा मायाजाल बुना गया कि हज़ारों लोगों की जमा-पूंजी देखते ही देखते गायब हो गई।

अब जबकि दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 2019 की FIR पर चार्जशीट दाखिल की है, तो जांच पर ही गंभीर सवाल उठ रहे हैं। 4.15 करोड़ की ठगी के इस मामले में चार्जशीट तक पहुँचने में 10 साल कैसे लग गए? क्या यह देरी इसलिए की गई ताकि ये ‘सफेदपोश’ ठग अपनी अवैध संपत्तियां सुरक्षित कर सकें? चार्जशीट में ‘मनी ट्रेल’ और साजिश की कड़ियों को इतना ढीला छोड़ना साफ इशारा करता है कि सिस्टम इन्हें “सेफ पैसेज” देने की फिराक में है।

MCD के सस्पेंडेड JE से ‘शिक्षा टाइकून’ तक का सफर
शिक्षा जगत का यह ‘नटवरलाल’ देवेंद्र गुप्ता, साल 1999 में दिल्ली नगर निगम में जूनियर इंजीनियर के पद से सस्पेंड हुआ था। 26 साल से CBI का केस चल रहा है, लेकिन सिस्टम की मेहरबानी देखिए कि यह शख्स देखते ही देखते करोड़ों का ‘टाइकून’ बन गया। ‘मदर्स प्राइड’ और ‘प्रेसिडियम’ के ब्रांड का इस्तेमाल लोगों को लूटने के लिए किया गया।

आज जब पीड़ित इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहे हैं, यह परिवार द्वारका समालखा रोड पर 500 करोड़ के आलीशान फार्म हाउस में मर्सिडीज और रॉयल जैसी लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ ऐश कर रहा है। जबकि इनकी जगह कोई आम आदमी होता और उस पर छोटी मोटी ठगी के आरोप होते तो वह ना केवल जेल यात्रा कर चुका होता बल्कि अदालतों के भी चक्कर लगा रहा होता।

क्या अगले ‘विजय माल्या’ की तैयारी है?
सूत्रों के अनुसार, अब यह परिवार अपनी लूटी हुई काली कमाई को दुबई में निवेश कर रहा है। वहां स्कूल-कॉलेज बनाने के नाम पर भागने की ज़मीन तैयार की जा रही है। अंदेशा साफ है—अब जब चार्जशीट का फंदा गले तक पहुँचने लगा है, तो ये लोग नीरव मोदी और विजय माल्या की तर्ज़ पर देश छोड़ने की फिराक में हैं।

निष्कर्ष: पाप का घड़ा और सोता हुआ प्रशासन
इनके द्वारा ठगी शिकार लोगों की संख्या भी एक हज़ारों में है , लेकिन इनके खिलाफ लड़ने की हिम्मत दिखने वाली महज कुछ दर्जन भी लोग ही कानूनी लड़ाई लड़ रहे है। ऐसे ही पीड़ित बुजुर्ग प्रवीण जैन की वकील बुजुर्ग वकील श्वेता एस. कुमार जैसी पीड़ितों को आज भी उम्मीद है कि अगर जनता जाग गई, तो सिस्टम की ये मेहरबानियां खत्म हो सकती है । लेकिन बड़ा सवाल अदालतों और प्रशासन के सामने है: क्या आप किसी और ‘भगोड़े’ का इंतज़ार कर रहे हैं? क्या इन सफेदपोश ठगों को मासूमों की गाढ़ी कमाई पर ऐश करने की छूट यूं ही मिलती रहेगी?

अब समय आ गया है कि अदालतों की शक्ति कागजों से निकलकर इन आलीशान फार्म हाउसों तक पहुँचे, वरना जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/the-police-arrested-the-jam-turner-under-suspicion-and-on-the-basis-of-the-mischief-of-the-gang-the-tax-department-arrested-the-jam-turner/