Monday, May 4, 2026
spot_img
Home Blog Page 57

स्कूल जा रही बच्ची को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, नानी की गुहार के बीच दर्दनाक मौत

Delhi News: जनकपुरी में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूल जा रही 6 साल की बच्ची की मौत

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 6 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि तेज स्पीड में आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

17 फरवरी की सुबह हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक यह घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 7:40 बजे हुई। बच्ची अपनी नानी के साथ ई-रिक्शा से स्कूल जा रही थी। तभी एक बेकाबू कार ने रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में नानी और नातिन दोनों घायल हो गईं। बच्ची खून से लथपथ सड़क पर पड़ी थी और उसकी नानी मदद के लिए लोगों से गुहार लगाती रहीं, लेकिन कोई भी तुरंत सहायता के लिए आगे नहीं आया।

अस्पताल ले जाने में हुई देरी

घायल बच्ची को पहले जनकपुरी स्थित माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे गंभीर हालत में मैक्स हॉस्पिटल द्वारका रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

आरोपी हिरासत में

डीसीपी शरद भास्कर ने बताया कि नानी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी संजीव को हिरासत में लिया है। वह माजरा डबास का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की आगे जांच जारी है।

नानी ने सुनाई आपबीती

हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची की नानी ने बताया, “हम स्कूल जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने हमारे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। मैं सड़क पर गिर गई। मेरी पोती मेरे पास खून से लथपथ पड़ी थी। मैंने वहां खड़े लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई आगे नहीं आया। एक कार ड्राइवर खड़ा देखता रहा और फिर वहां से चला गया।”

मां का आरोप: बहुत तेज थी कार

बच्ची की मां ने बताया कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौके पर भीड़ तो जमा हो गई थी, लेकिन किसी ने समय पर मदद नहीं की। परिवार का आरोप है कि कार बेहद तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/bjp-governments-decision-to-keep-cm-away-from-visiting-hanuman-temple-on-one-year-old-party-is-not-a-secret-saying-there-is-happiness-in-the-life-of-every-party/

दिल्ली में बीजेपी सरकार के एक साल पूरे, हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद CM रेखा गुप्ता ने कहा – ‘हर दिल्लीवासी के जीवन में सुख-शांति हो’

नई दिल्ली: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार (20 फरवरी) को मरघट वाले हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मारुतिनंदन का आशीर्वाद लिया।

सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रभु से प्रार्थना करती हैं कि उन्हें सेवा के इस अविचल पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति मिलती रहे। उन्होंने कहा कि जनसेवा, समर्पण और विनम्रता के साथ दिल्ली के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य करती रहेगी।

सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी एक संदेश साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

एक साल की उपलब्धियां

सरकार ने अपने पहले वर्ष में कई योजनाओं की शुरुआत की। इनमें अटल कैंटीन, आयुष्मान भारत और वय वंदना योजना जैसी पहलें शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के जरिए आम जनता, खासकर जरूरतमंद और बुजुर्ग वर्ग को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

अब भी अधूरे वादों का इंतजार

हालांकि, विपक्ष और जनता की ओर से कुछ वादों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने और महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने जैसे वादों पर अभी अमल का इंतजार है। ऐसे में सरकार के दूसरे वर्ष में इन घोषणाओं के पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

दिल्ली की राजनीति में यह एक साल कई मायनों में अहम रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले समय में सरकार अपने बाकी वादों को किस तरह और कितनी तेजी से पूरा करती है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/senior-patrakar-charan-singh-rajpat-ban-kisan-struggle-committee-for-national-conversion/

वरिष्ठ पत्रकार चरण सिंह राजपूत बने किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता

0

दिल्ली दर्पण ब्यूरो

नई दिल्ली, 18 फरवरी 2026
किसान संघर्ष समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने संगठन के विस्तार और वैचारिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता चरण सिंह राजपूत को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


संगठन की आवाज होगी और बुलंद: डॉ. सुनीलम
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम ने इस अवसर पर कहा कि चरण सिंह राजपूत की नियुक्ति से किसानों और मजदूरों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राजपूत अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता से संगठन को नई वैचारिक शक्ति प्रदान करेंगे।
बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. सुशीला ताई मोराळे, राष्ट्रीय महासचिव एड. शिवसिंह, राष्ट्रीय सचिव शशिभूषण चौहान, राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी सुहैल कादरी, प्रदेश अध्यक्ष एड. आराधना भार्गव और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह शामिल रहे।


संघर्षों से रहा है पुराना नाता
उल्लेखनीय है कि चरण सिंह राजपूत पिछले करीब एक दशक से सहारा इंडिया के निवेशकों और कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने चिटफंड कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोलने के साथ-साथ कर्मचारियों के बकाया वेतन और रोजगार जैसे गंभीर मुद्दों पर निरंतर लेखन और जमीनी संघर्ष के माध्यम से अपनी पहचान बनाई है। उनकी इस सक्रियता को देखते हुए ही संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/dalals-nature-master-tension-name-on-48-parvar-with-thug-2-kard-such-a-challenging-study-moment/

दिल्ली का ‘नटवरलाल’ मास्टर: ट्यूशन के नाम पर 48 परिवारों से ठगे 2 करोड़, ऐसे खुली ‘ठगी की पाठशाला’ की पोल।

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने ट्यूशन पढ़ाने के बहाने लोगों का भरोसा जीतकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चंद्रदीप चमोली, जिसे इलाके में लोग सम्मान से ‘मास्टर जी’ कहकर पुकारते थे, और उसकी पत्नी सरिता चमोली पर करीब 48 परिवारों से 2 करोड़ रुपये हड़पने का गंभीर आरोप है। डीसीपी अमित वर्मा के अनुसार, चंद्रदीप दासघरा, इंद्रपुरी और पूसा जैसे इलाकों में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। इसी ट्यूशन की आड़ में उसने अपना एक ‘ठगी का सिलेबस’ तैयार किया और अभिभावकों का विश्वास जीतकर उन्हें अपनी अवैध कमेटी स्कीम्स में निवेश करने के लिए उकसाया।

आरोपी ने इंद्रपुरी मेन मार्केट में अपना कार्यालय खोल रखा था, जहाँ से वह 2013-14 से करीब 52 अवैध कमेटियां चला रहा था। उसने स्थानीय निवासियों और बच्चों के माता-पिता को बैंक से कहीं अधिक रिटर्न देने का लालच दिया। लोग उसके ‘शिक्षक’ होने के नाते उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर बैठे, लेकिन जब अप्रैल 2025 में भुगतान और मुनाफे का समय आया, तो आरोपी दंपत्ति रातों-रात परिवार समेत फरार हो गया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब कुलदीप सिंह सहित 47 अन्य पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 16 अक्टूबर 2025 को EOW थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने अपनी पहचान मिटाने के लिए निवेशकों का हिसाब-किताब वाला रजिस्टर जला दिया और अपने मोबाइल व सिम कार्ड भी नष्ट कर दिए थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस की तकनीकी सर्विलांस और लंबी मशक्कत के बाद, मास्टरमाइंड चंद्रदीप को उत्तर प्रदेश के रामपुर से 2 फरवरी को और उसकी पत्नी सरिता को 12 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई ने उन 48 परिवारों को न्याय की उम्मीद दी है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई एक ‘शिक्षक’ के भरोसे पर दांव पर लगा दी थी। यह मामला समाज के लिए एक चेतावनी है कि शिक्षा जैसे पवित्र पेशे की आड़ में भी ठगी की पाठशाला चलाई जा सकती है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/hashem-bab-and-lars-gag-are-the-ones-who-arrested-the-kabirs-for-destroying-the-house-of-the-great-successful-civil-war/

बड़ी कामयाबी: सिद्धू मूसेवाला के घर की रेकी करने वाला बॉबी कबूतर गिरफ्तार; हाशिम बाबा और लॉरेंस गैंग से जुड़े तार।

दिल्ली: सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है, जिसमें सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की साजिश में शामिल एक अहम कड़ी, बॉबी कबूतर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच के अनुसार, बॉबी कबूतर ने ही सिद्धू मूसेवाला के घर की रेकी की थी और उनकी गतिविधियों की पल-पल की जानकारी हत्यारों तक पहुँचाई थी। इस गिरफ्तारी को मूसेवाला मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने की दिशा में एक बड़ा ‘ब्रेकथ्रू’ माना जा रहा है, जिससे हत्याकांड के पीछे छिपे कई अन्य चेहरों के बेनकाब होने की उम्मीद है।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बॉबी कबूतर के तार सीधे तौर पर कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि वह इस खतरनाक सिंडिकेट का एक सक्रिय गुर्गा है और लंबे समय से इनके इशारे पर काम कर रहा था। रेकी के दौरान उसने न केवल गायक के आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई, बल्कि शूटरों के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार करने में भी मदद की थी। इस कनेक्शन के सामने आने के बाद दिल्ली और पंजाब के अंडरवर्ल्ड के खतरनाक गठजोड़ की पुष्टि एक बार फिर हो गई है।

पुलिस अब बॉबी कबूतर से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बड़ी साजिश में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों का मानना है कि बॉबी से मिली जानकारी के आधार पर लॉरेंस और हाशिम बाबा गैंग के कई अन्य स्लीपर सेल्स और मददगारों तक पहुँचा जा सकता है। मूसेवाला के प्रशंसकों और परिवार के लिए यह गिरफ्तारी इंसाफ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है, क्योंकि पर्दे के पीछे रहकर साजिश रचने वाले अब कानून के शिकंजे में आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-dark-season-in-the-hot-water-hug-after-the-rain-after-the-season-in-the-dark-season/