Wednesday, June 3, 2026
spot_img
Home Blog Page 8

“साइकिल पर निकली दिल्ली पुलिस, गांवों में सुरक्षा का नया मॉडल”

दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में अब पुलिस की गश्त का अंदाज बदल गया है। बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री के ‘पेट्रोल-डीजल बचाओ’ अभियान को बढ़ावा देते हुए साइकिल पेट्रोलिंग शुरू की है। झड़ौदा और आसपास के गांवों में पुलिसकर्मी अब बाइक और सरकारी गाड़ियों की जगह साइकिल से गश्त कर रहे हैं।

इस पहल का उद्देश्य सिर्फ ईंधन की बचत करना ही नहीं, बल्कि पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना भी है। शाम के समय जब पुलिस टीमें समूह बनाकर साइकिल से गांवों की गलियों में निकलती हैं, तो लोगों के बीच एक अलग ही भरोसा देखने को मिलता है।

साइकिल पेट्रोलिंग का सबसे बड़ा फायदा यह हो रहा है कि पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी कम हुई है। अब पुलिसकर्मी गलियों में रुककर लोगों से सीधे बातचीत कर रहे हैं, बुजुर्गों का हालचाल पूछ रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

इस सीधे संपर्क का असर यह भी हुआ है कि लोग बिना झिझक पुलिस को इलाके के असामाजिक तत्वों, सट्टेबाजों और अपराधियों की जानकारी दे रहे हैं। इससे पुलिस को अपराध रोकने में काफी मदद मिल रही है।

दिल्ली पुलिस की इस नई पहल को गांवों के लोग सराह रहे हैं और इसे सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक जुड़ाव की दिशा में एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं।

“पीएम मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, व्यापार और सुरक्षा पर हुई अहम चर्चा”

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अपने चार दिवसीय भारत दौरे के दौरान शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस अहम बैठक में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और महत्वपूर्ण तकनीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत काफी सकारात्मक और रचनात्मक रही है

रूबियो अपने दौरे के दौरान दिल्ली में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह अमेरिकी दूतावास सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे और रूजवेल्ट हाउस में आयोजित विशेष रिसेप्शन में भी शामिल होंगे।

रविवार को मार्को रूबियो भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, तकनीक और दोनों देशों के बीच जन-जन के संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बातचीत होगी।

गौरतलब है कि भारत 26 मई को क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। इस बैठक में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे। इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पिछले साल पदभार संभालने के बाद मार्को रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। अपने दौरे के दौरान वह आगरा और जयपुर सहित देश के कई शहरों का भी दौरा करेंगे।

“रेप आरोपी का जेल से निकलते ही भव्य स्वागत, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप”

देश के गाजियाबाद में रेप के आरोपी सुशील प्रजापति की जमानत पर रिहाई के बाद हुए, स्वागत का मामला अब बेहद विवादों में घिर गया है। डासना जेल से बाहर आते ही आरोपी का फूल-मालाओं और नारेबाजी के साथ स्वागत किया गया, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में कई लोग आरोपी को किसी सेलिब्रिटी की तरह घेरकर, फुल माला के साथ स्वागत करते और गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ उसके घर तक जाते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुशील प्रजापति पर गाजियाबाद की एक एलएलबी छात्रा ने बलात्कार का आरोप लगाया था। पीड़िता ने अगस्त 2025 में मुरादनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को गाजियाबाद कोर्ट में चेंबर दिलाने और करियर में मदद का भरोसा दिया था। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और बाद में युवती ने उसके खिलाफ रेप का आरोप लगाया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए नई एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के स्वागत के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।

इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति के स्वागत को आखिर किस नजरिए से देखा जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

“दिल्ली के शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, पूरी मार्केट जलकर खाक”

राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित एक फर्नीचर मार्केट में बीती रात (22 मई) देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग रात करीब 11:30 बजे लगी थी। शुरुआत में लोगों ने खुद आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैलती चली गई कि सब कुछ जलकर खाक हो गया है! लोगों का आरोप है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।

घटना से गुस्साए कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के वाहनों पर पथराव भी किया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया।

फिलहाल दमकल विभाग द्वारा कूलिंग का काम जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

“जेल से फरार हत्यारा बना टीवी एक्टर, 12 साल बाद शूटिंग सेट से ही हुआ गिरफ्तार”

गुजरात के अहमदाबाद से एक बेहद चौंकाने व् हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हत्या के केस में उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया और मुंबई जाकर टीवी इंडस्ट्री में एक्टर बन बैठा। करीब 12 साल तक पुलिस को चकमा देने के बाद आखिरकार वह गिरफ्तार हो गया।

आरोपी की पहचान हेमंत मोदी के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील था। साल 2008 में उसे हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। सजा के दौरान 2013 में उसे पैरोल मिली, लेकिन वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक फरारी के बाद हेमंत मुंबई पहुंचा, जहां उसने अपनी पहचान बदल ली और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। इस दौरान उसने कई टीवी सीरियल, फिल्मों और वेब सीरीज में छोटे-बड़े किरदार निभाए। बताया जा रहा है कि वह गुजराती टीवी इंडस्ट्री में भी सक्रिय था।

हाल ही में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि फरार आरोपी शहर में एक टीवी सीरियल की शूटिंग कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और शूटिंग सेट पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।

क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर पीएम धाकड़ा ने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपी इतनी बेहतरीन एक्टिंग कर रहा था कि पुलिस टीम भी कुछ देर के लिए भ्रमित हो गई। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान दर्ज पुराने शारीरिक निशानों का मिलान किया गया, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान कबूल कर ली।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान हेमंत मोदी किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए किन तरीकों का इस्तेमाल किया।