Wednesday, June 3, 2026
spot_img
Home Blog Page 9

“थप्पड़ का बदला बना मौत की वजह: बुराड़ी मर्डर केस का 10 दिन में खुलासा”

राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। मामूली विवाद में मारे गए एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति ने अपने ही साढ़ू की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को दिल्ली जल बोर्ड की गहरी पाइपलाइन के नीचे छिपा दिया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला

मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजा कुमार के रूप में हुई है, जो हरदेव नगर, झड़ौदा माजरा में अपने परिवार के साथ रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि राजा कुमार की साली सपना पिछले एक महीने से अपनी बहन बबीता के घर रह रही थी। सपना और उसके पति जितेंद्र कुमार के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।

10 मई की रात जितेंद्र अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में राजा कुमार ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। यह अपमान जितेंद्र को इतना नागवार गुजरा कि उसने उसी वक्त बदला लेने की ठान ली।

माफी के बहाने रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र ने पहले राजा से माफी मांगी और फिर दोस्ती दिखाते हुए शराब पीने का प्रस्ताव रखा। राजा उसके झांसे में आ गया और दोनों स्कूटी से बुराड़ी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन के पास पहुंचे।

यहां शराब पीने के दौरान जितेंद्र ने अचानक पत्थर से राजा के सिर पर हमला कर दिया। कई वार करने के बाद उसने राजा की हत्या कर दी और शव को पाइपलाइन के नीचे छिपाकर फरार हो गया।

तीन दिन बाद मिला शव

13 मई की सुबह बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास पाइपलाइन के नीचे एक सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। भीड़ में मौजूद एक महिला ने शव की पहचान अपने देवर राजा कुमार के रूप में की।

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। इसी दौरान पता चला कि राजा की पत्नी बबीता ने 11 मई को वजीराबाद थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और अपने जीजा जितेंद्र पर शक जताया था।

पुलिस ने ऐसे सुलझाया केस

नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजा बांठिया के मुताबिक पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, पूछताछ और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सिर्फ थप्पड़ का बदला लेना चाहता था और इसी गुस्से में उसने हत्या जैसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

“दिल्ली-NCR में आज से ऑटो-टैक्सी हड़ताल, यात्रियों की बढ़ीं परेशानियां”

दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली और NCR में रहने वाले लोगों को अगले तीन दिनों तक सफर के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 21 मई से 23 मई तक हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल का असर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे NCR क्षेत्र में देखने को मिल सकता है।

यूनियनों का कहना है कि पिछले करीब 15 वर्षों से ऑटो और टैक्सी किराए में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बढ़ते खर्च और कम कमाई की वजह से ड्राइवरों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में यूनियनों ने तीन दिन तक चक्का जाम जैसे हालात बनाने की चेतावनी दी है।

टैक्सी चालकों का कहना है कि ऐप बेस्ड कंपनियों द्वारा दिए जाने वाले किराए में भी लगातार कटौती की जा रही है। चालक नरेंद्र तिवारी ने बताया कि पहले कुछ रूट्स पर प्रति किलोमीटर बेहतर भुगतान मिलता था, लेकिन अब किराया काफी कम कर दिया गया है, जिससे ड्राइवरों की आय प्रभावित हो रही है। वहीं चालक दिनेश कुमार का कहना है कि यात्रियों की संख्या भी पहले के मुकाबले कम हुई है और महंगाई के बीच परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

हड़ताल के चलते ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और रोजाना सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ सकती है। कई जगहों पर लोगों को बस और मेट्रो का सहारा लेना पड़ सकता है। यूनियनों ने सरकार से जल्द किराया संशोधन और ड्राइवरों के हित में फैसले लेने की मांग की है।

“दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी: घर के अंदर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या, लाखों की चोरी की आशंका”

राजधानी दिल्ली में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर मां और बेटे के खून से लथपथ शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के मुताबिक, महिला का पति साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाता है। बुधवार देर रात जब वह घर लौटा, तो किचन में पत्नी और बेटे को खून से लथपथ पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

परिजनों का आरोप है कि घर से 10 से 12 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी गायब हैं। ऐसे में पुलिस हत्या के साथ-साथ लूट के एंगल से भी जांच कर रही है।

मृतक परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब 15 वर्षों से गोविंदपुरी की गली नंबर-10 में रह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

वहीं, बीते 24 घंटों में दिल्ली में हत्या और संदिग्ध मौत की कई अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। रोहिणी में पुरानी रंजिश के चलते दो नाबालिगों की हत्या कर दी गई, जबकि इंद्रपुरी में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार किया है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

“40 करोड़ की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा! दिल्ली पुलिस के शिकंजे में 35 गिरफ्तार, 89 आरोपी रडार पर”

दिल्ली पुलिस की वेस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर टीम ने एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसने देशभर में करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।

यह पूरा गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। पहले लोगों को फोन कॉल आता था, जिसमें आरोपी खुद को सरकारी अधिकारी बताते थे। वे दावा करते थे कि आपका आधार कार्ड इस्तेमाल हुआ है, बैंक अकाउंट जांच के दायरे में है या फिर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला चल रहा है। इसी डर का फायदा उठाकर लोगों को फंसाया जाता था।

इसके बाद पीड़ितों को WhatsApp ग्रुप में जोड़कर उन्हें ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट या अन्य बहाने से पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। शुरुआत में छोटे रिटर्न देकर भरोसा बनाया जाता था, फिर बड़ी रकम लगवाकर पूरा पैसा हड़प लिया जाता था।

दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह कोई साधारण गिरोह नहीं बल्कि एक संगठित साइबर नेटवर्क है, जो ऑनलाइन ठगी को किसी बड़े बिजनेस या स्टार्टअप की तरह चला रहा था।

इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने 89 साइबर अपराधियों को चिन्हित किया है। इनमें से 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 54 लोगों को बाउंड डाउन किया गया है।

पुलिस के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क में करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी के पुख्ता सुराग मिले हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

“तेल की कीमतों में उछाल का भारत की अर्थव्यवस्था पर असर”

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर भारत पर दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों द्वारा एक सप्ताह में दो बार दाम बढ़ाने के बाद दिल्ली में पेट्रोल करीब 98 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, मध्य पूर्व में जारी तनाव और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति बाधित होने के कारण वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। अगर यही हालात जारी रहे तो आने वाले समय में तेल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

भारत एक आयात-निर्भर देश है, ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। पिछले कुछ महीनों में इसका असर भी देखने को मिला है।

जहां पहले आर्थिक वृद्धि दर के 7.6% रहने का अनुमान था, वहीं अब रिजर्व बैंक ने इसे घटाकर करीब 6.9% के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

इसके साथ ही महंगाई दर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नवंबर 2025 में जहां खुदरा महंगाई 0.7% थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 3.48% तक पहुंच गई है। इसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट, खाने-पीने की चीजें और रोजमर्रा की जरूरतें और अधिक महंगी हो सकती हैं।

कुल मिलाकर, तेल की बढ़ती कीमतें आने वाले समय में भारत की अर्थव्यवस्था और आम लोगों दोनों के लिए चुनौती बन सकती हैं।