Saturday, June 13, 2026
spot_img
Home Blog Page 99

दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम के शेल्टर होम से ढूंढ निकाला मानसिक रूप से कमजोर युवक, परिवार को सौंपा

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली:
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की भारत नगर थाना टीम ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए पिछले 11 दिनों से लापता एक 30 वर्षीय व्यक्ति को सफलतापूर्वक तलाश कर लिया है। लापता युवक ललित पाल को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित ‘अर्थ सेवियर्स फाउंडेशन होमलेस शेल्टर’ से बरामद किया गया।

क्या था मामला?

डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह के अनुसार, ललित पाल अपने बहनोई नानक चंद के साथ अशोक विहार स्थित बुनकर कॉलोनी में रह रहा था। वह 5 जनवरी 2026 को घर से अचानक लापता हो गया, जिसकी रिपोर्ट थाना भारत नगर में दर्ज कराई गई थी।


पुलिस की कार्रवाई:
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी (अशोक विहार) आकाश रावत और थाना प्रभारी राम किशोर के मार्गदर्शन में एचसी विनय राणा और कॉन्स्टेबल मुकेश की एक विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ में पता चला कि ललित मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज शाहदरा के इहबास (IHBAS) अस्पताल में चल रहा था।


सीसीटीवी और तकनीक की मदद:
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें ललित की आखिरी लोकेशन ब्रिटानिया चौक तक मिली, लेकिन उसके आगे का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। पुलिस ने हार न मानते हुए ZIPNET पर जानकारी अपलोड की और देशभर में संदेश प्रसारित किए। अंततः कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने उसे गुरुग्राम के एक शेल्टर होम में ढूंढ निकाला।
ललित पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है और कानूनी कार्रवाई के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/dalal-karim-jatpar-ma-yuvak-ka-braham-killing-pals-and-the-pressure/

दिल्ली क्राइम: जैतपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने दो को दबोचा

दिल्ली के जैतपुर इलाके में सोशल मीडिया पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार देर रात (15 जनवरी) चाकू से हमला कर 21 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई, जबकि इस घटना में दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

रात 11:18 बजे मिली झगड़े की सूचना
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी की रात करीब 11:18 बजे कंट्रोल रूम को झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना निजी विवाद चल रहा था, जिसकी शुरुआत सोशल मीडिया पर हुई थी।

सोशल मीडिया विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच सोशल मीडिया पर लगातार बहस और धमकियां दी जा रही थीं। प्रिंस नाम के युवक ने पुलिस को बताया कि आरोपी दीपक उसे सोशल मीडिया पर परेशान कर रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों ने रात करीब 11 बजे मिलने का फैसला किया था।

मीटिंग के दौरान बिगड़ी बात, चाकू से हमला
निर्धारित जगह पर दोनों पक्षों की मुलाकात हुई, लेकिन बातचीत जल्द ही बहस में बदल गई। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

21 वर्षीय कृष्णा साहू की मौत
हमले में 21 वर्षीय कृष्णा साहू को सीने, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी सनी को पेट और जांघ में चोटें आई हैं, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रिंस को भी मामूली चोटें आई हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल
पुलिस ने CCTV फुटेज और फॉरेंसिक जांच की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 24 वर्षीय आशीष शामिल है, जो मीठापुर गांव का रहने वाला और पेशे से ग्राफिक डिजाइनर है। दूसरा आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/delhis-corporation-schools-shine-at-bharat-mandapam-a-journey-of-educational-transformation-and-hope/

किताबों के महाकुंभ में चमकी निगम स्कूलों की ‘नई सोच’: पहली बार लगा MCD शिक्षा विभाग का स्टॉल

– दिल्ली दर्पण टीवी 

नई दिल्ली के भारत मंडपम में सजे विश्व पुस्तक मेले की चमक इस बार कुछ खास है। दिल्ली नगर निगम (MCD) के शिक्षा विभाग ने पहली बार अपना स्टॉल लगाकर एक नई इबारत लिखी है। शिक्षा समिति के चेयरमैन श्री योगेश वर्मा और शिक्षा निदेशक श्री निखिल तिवारी ने जब इस काउंटर की शुरुआत की, तो यह सिर्फ एक उद्घाटन नहीं बल्कि निगम स्कूलों के उन हजारों बच्चों के सपनों का प्रदर्शन था, जो हर रोज कुछ नया सीख रहे हैं। यह पहली बार है जब निगम की शिक्षा व्यवस्था को इतने बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर आम जनता के सामने खुलकर रखा गया है।

इस स्टॉल की सबसे बड़ी खूबसूरती यहाँ दिखाई देने वाली वह ‘नई सोच’ है, जो किताबों से इतर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देती है। यहाँ ‘एडुपाथ’ जैसी शिक्षण सामग्रियों के जरिए यह दिखाया गया है कि कैसे खेल-खेल में पढ़ाई को बोझ से मुक्त बनाया जा सकता है। शिक्षकों द्वारा तैयार की गई विशेष वर्कशीट्स और हर कक्षा के लिए बनाए गए खास लर्निंग टूल्स को देखकर यहाँ आने वाले अभिभावक भी दंग हैं। यह कोशिश दर्शाती है कि निगम के स्कूलों में अब पढ़ाई केवल ब्लैकबोर्ड तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसे जीवन से जोड़ने के नए तरीके खोजे जा रहे हैं।

स्टॉल पर सजी ‘सफलता की कहानियाँ’ उन नन्हे बच्चों और समर्पित शिक्षकों की मेहनत बयां करती हैं, जिन्होंने संसाधनों की कमी के बावजूद बड़े बदलाव कर दिखाए हैं। यहाँ दिल्ली के अलग-अलग कोनों से आए स्कूलों के बेहतरीन कामों की एक छोटी सी झलक (सैंपल प्रदर्शनी) लगाई गई है। इस स्टॉल पर आने वाले लोग न केवल इन प्रयोगों को देख सकते हैं, बल्कि यह भी समझ सकते हैं कि कैसे सरकारी स्कूलों की आबोहवा बदल रही है। विभाग की योजना है कि इन तमाम बेहतरीन कोशिशों को अगले साल एक किताब की शक्ल दी जाए, ताकि यह अनुभव सबके काम आ सकें।

चेयरमैन श्री योगेश वर्मा ने इस पहल को जमीनी स्तर पर ले जाने की बात कहते हुए विभाग के प्रयासों को सराहा। उन्होंने महसूस किया कि जो खुशी और सकारात्मकता यहाँ दिख रही है, उसे दिल्ली के हर इलाके और हर स्कूल तक पहुँचाना जरूरी है। इस स्टॉल के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि अगर सही दिशा और प्यार मिले, तो निगम स्कूलों के बच्चे भी दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। यह स्टॉल केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि निगम शिक्षा विभाग के प्रति बढ़ते विश्वास का एक जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/party-know-how-to-hose-clean-mcd-plan-210-machines-save-huge-cleanliness/

दिल्ली की हवा होगी साफ! MCD का मेगा प्लान, 210 मेकेनिकल स्वीपर्स से होगी सफाई

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण अब एक स्थायी संकट का रूप ले चुका है। हर साल जहरीली होती हवा लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। बढ़ता AQI, सांस की बीमारियां और अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या इस खतरे की गंभीरता को साफ दिखाती है। इसी चुनौती से निपटने के लिए इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव #PollutionKaSolution में विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच अहम चर्चा हुई।

इस कॉन्क्लेव में एमसीडी मेयर राजा इकबाल सिंह, एमसीडी स्टैंडिंग कमिटी के डिप्टी चेयरमैन सुंदर सिंह तंवर और डस्ट पॉल्यूशन एक्सपर्ट कृतिका चौधरी ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अपनी रणनीति, वार रूम प्लानिंग और भविष्य के विजन को साझा किया।

“बीमारी का इलाज चल रहा है” – मेयर राजा इकबाल सिंह

एमसीडी मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार इस समस्या पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा,
“बीमारी बनने में समय लगता है और उसके इलाज में भी वक्त लगता है। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं और आने वाले छह महीनों में असर दिखने लगेगा।”
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दिल्लीवासियों को साफ हवा और स्वच्छ सड़कें मिलेंगी।

सफाई अभियान में बड़ी बढ़ोतरी

मेयर ने बताया कि पहले निगम के पास केवल 52 मेकेनिकल स्वीपर्स थे, जिन्हें बढ़ाकर 70 कर दिया गया है। इसके अलावा राज्य सरकार और पीडब्लूडी से मिलाकर कुल 210 मेकेनिकल स्वीपर्स जल्द सड़कों पर उतरेंगे।
रात के समय सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि सुबह लोगों को साफ सड़कें मिल सकें। हाई डस्ट जोन को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा।

डस्ट पॉल्यूशन के दो बड़े स्रोत

डस्ट पॉल्यूशन एक्सपर्ट कृतिका चौधरी ने बताया कि धूल प्रदूषण के दो मुख्य कारण हैं –
पहला, ट्रांस-बाउंड्री डस्ट जो रेगिस्तानी इलाकों, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आता है, जिसे कंट्रोल करना मुश्किल होता है।
दूसरा, शहर में पैदा होने वाली धूल – टूटी सड़कें, गड्ढे, कंस्ट्रक्शन साइट्स और मलबा। उन्होंने कहा कि इन पर सख्ती से कार्रवाई कर डस्ट को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

इस पर मेयर ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण साइट्स को बंद किया जाता है और उन पर जुर्माना भी लगाया जाता है।

मलबा डंपिंग पर जागरूकता अभियान

कृतिका चौधरी ने कहा कि लोग अक्सर मलबा गलत जगहों पर फेंक देते हैं क्योंकि उन्हें सही डंपिंग प्वाइंट की जानकारी नहीं होती। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था दिल्ली सरकार के साथ मिलकर लोगों को C&D वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग को लेकर जागरूक कर रही है।

मेयर ने बताया कि दिल्ली के 250 वॉर्ड्स में C&D वेस्ट डंपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां मलबा डाला जाना चाहिए। इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

चालान और कार्रवाई तेज

डिप्टी चेयरमैन सुंदर सिंह तंवर ने बताया कि अब तक 115 चालान काटकर 67,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा अन्य मामलों में 2,000 से ज्यादा चालान काटकर करीब 1.5 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया गया है।

उन्होंने बताया कि

  • 1,000 छोटी बैटरी मशीनें तंग गलियों की सफाई करेंगी
  • पहले केवल मुख्य सड़कों पर सफाई होती थी, अब गलियों तक सफाई पहुंचेगी
  • कई इलाकों में कूड़े के पहाड़ काफी हद तक खत्म किए जा चुके हैं

सरकार का एक्शन प्लान

कॉन्क्लेव में सरकार के बड़े फैसलों की जानकारी भी साझा की गई:

  • 210 मेकेनिकल स्वीपर्स से सड़क सफाई
  • 1,000 बैटरी मशीनों से गलियों की सफाई
  • 11 सदस्यीय एक्सपर्ट कमेटी का गठन, IIT विशेषज्ञ शामिल
  • दिल्ली में 3,350 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर
  • 62 हॉटस्पॉट्स पर स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट
  • प्रदूषण फैलाने वाली 88 फैक्ट्रियों को नोटिस

जल्द दिखेगा असर

अधिकारियों ने भरोसा जताया कि इन सभी प्रयासों का असर जल्द नजर आएगा और दिल्ली के AQI में सुधार होगा। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी को प्रदूषण से राहत दिलाकर लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/one-injured-and-another-injured-after-the-shutter-of-the-lars-bashnai-gang-got-blown-up/

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर मुठभेड़ के बाद दबोचे गए, एक घायल, दूसरा नाबालिग

नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम और गैंग से जुड़े दो शार्पशूटरों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों शूटर हाल ही में पश्चिम विहार स्थित आर.के. फिटनेस जिम और वेस्ट विनोद नगर इलाके में एक बिजनेसमैन पर हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल थे। इन वारदातों के जरिए बदमाशों ने रंगदारी की मांग की थी।

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक कॉन्स्टेबल को भी गोली लगी। हालांकि, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को घायल कर दबोच लिया, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार और स्कूटी बरामद

पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि पश्चिम विहार और वेस्ट विनोद नगर में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद से ही आरोपियों की तलाश में कई टीमें जुटी थीं। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/end-of-10-minute-delivery-era-govt-acts-on-caits-warnings-over-gig-worker-safety/