राजधानी नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत सैदुल्लाजाब इलाके में शनिवार शाम को एक छह मंजिला व्यावसायिक इमारत के अचानक ढहने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसा साकेत मेट्रो स्टेशन के पास वेस्टर्न मार्ग स्थित गली नंबर-5 में हुआ। पुलिस ने मालिक के खिलाफ इमारत का मामला दर्ज कर नोटिस जारी किया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा उस समय हुआ था! जब इमारत पर सातवीं मंजिल की छत डालने की तैयारी चल रही थी। इमारत में कॉफी हाउस, कैफे, कोचिंग सेंटर, पीजी और कैंटीन जैसी कई व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय पास में स्थित एक कैंटीन में कुछ मेडिकल छात्र भोजन कर रहे थे। इमारत का मलबा कैंटीन और आसपास के हिस्सों पर गिरने से कई छात्र इसकी चपेट में आ गए। दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अब तक 14 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है! सभी घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
घायलों में अधिकांश छात्र ही बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, क्योंकि मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
हादसे से इलाके में धूल का घना गुबार छा गया और हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। राहत एजेंसियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और अपने हाथों से मलबा हटाकर तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मलबे में दबे लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। स्थानीय निवासियों ने फावड़े, लोहे की रॉड और टॉर्च की मदद से राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और एंबुलेंस बुलाने में भी मदद की।
कैंटीन में मौजूद थे छात्र
सैदुल्लाजाब समेत चार गांवों की कमेटी के प्रधान रविंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के समय कैंटीन में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। उन्होंने कहा कि इमारत में कई व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं, जिसके चलते मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

