प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता, दिल्ली के कई इलाकों में AQI पहुँचा 'गंभीर' श्रेणी में, लोगों को दी गई सतर्क रहने की सलाह
दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुँच गया है। AIIMS में AQI 418, राजौरी गार्डन में 402 और द्वारका एक्सप्रेसवे के पास 369 दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो :
राजधानी नई दिल्ली में इन दिनों वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुँच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'गंभीर' (Severe) श्रेणी में दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ते इस प्रदूषण के चलते लोगों को अब सांस तक लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बढ़ते प्रदूषण के मिले चिंताजनक आकड़े सीपीसीबी के अनुसार,आज AIIMS क्षेत्र में AQI 418 और राजौरी गार्डन में 402 दर्ज किया गया, जो की एक 'गंभीर' श्रेणी में आता है। वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास AQI 369 रिकॉर्ड किया गया, जो 'बेहद खराब' (Very Poor) श्रेणी में शामिल हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और सांस तथा हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है।
प्रदूषण के कारण विशेषज्ञों ने जताई स्वास्थ्य की चिंता मौसम विभाग के अनुसार, हवा की धीमी गति और बदलते मौसम के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। इसी कारण सुबह और शाम के समय स्मॉग की परत भी साफ़ दिखाई दे रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना आवश्यकता घर से बाहर निकलने से बचें, बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। जिन लोगों को अस्थमा या अन्य श्वसन संबंधी बीमारी है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर दिल्ली सरकार ने की अपील प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे खुले में कूड़ा या पत्तियां न जलाएं, निजी वाहनों का कम उपयोग करें और प्रदूषण कम करने में प्रशासन का सहयोग करें।
लेखक




टिप्पणियाँ
0