दिल्ली में हवा सुधरकर 'मध्यम' श्रेणी में पहुंची, रविवार से दोबारा 'खराब' होने के आसार
हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव से दिल्ली में प्रदूषण से मामूली राहत मिली है, हालांकि आगामी दिनों में स्थिति फिर बिगड़ने की संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार तीन दिनों तक 'खराब' श्रेणी में रहने के बाद शनिवार को वायु गुणवत्ता में आंशिक सुधार देखा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, शनिवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 191 दर्ज हुआ, जो 'मध्यम' श्रेणी के उच्च स्तर में आता है।
इससे पहले गुरुवार को एक्यूआई 223 और शुक्रवार को 230 दर्ज किया गया था। मौजूदा सीजन में पहली बार 21 अक्टूबर को सूचकांक 245 तक पहुंचकर 'खराब' श्रेणी में गया था, जिसके चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) को ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) का पहला चरण लागू करना पड़ा था।
अधिकारियों के मुताबिक, हवा के रुख में बदलाव और रफ्तार बढ़ने के कारण शनिवार को वायु गुणवत्ता में यह सुधार हुआ। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी से बदलकर पूर्वी होने के कारण दिल्ली के बाहर से आने वाले प्रदूषक तत्वों के बहाव में कमी आई, साथ ही तेज हवाओं ने प्रदूषक कणों को वातावरण में बिखेरने में मदद की।
हालांकि यह राहत फौरी मानी जा रही है। पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार से मंगलवार के बीच राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता दोबारा 'खराब' श्रेणी में जा सकती है। शनिवार को भी सुबह 9 बजे एक्यूआई 185 था, जो शाम 4 बजे बढ़कर 191 और रात 8 बजे 188 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी की वायु प्रयोगशाला के पूर्व प्रमुख दीपांकर साहा के अनुसार, मानसून के बाद के मौसम में वायुमंडलीय ठहराव और हवा की दिशा में परिवर्तन से प्रदूषण स्तर अक्सर बढ़ता है। उन्होंने कहा कि गर्मियों और मानसून की तुलना में सर्दियों में वायुमंडल की प्रदूषकों को दूर करने की क्षमता घट जाती है, जबकि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले धुएं और कणों से राजधानी व आसपास के इलाकों में प्रदूषण का दबाव बढ़ जाता है।
इस साल अक्टूबर में अब तक केवल तीन दिन हवा 'खराब', 19 दिन 'मध्यम' और दो दिन 'संतोषजनक' दर्ज की गई है। इसके उलट पिछले वर्ष अक्टूबर में 11 दिन हवा 'खराब' और सात दिन 'बेहद खराब' श्रेणी में रही थी।
तापमान की बात करें तो शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0