बाहरी दिल्ली के रणहौला में खुले सीवर में गिरा चार साल का मासूम, तलाश में जुटी एनडीआरएफ
नांगली विहार के दास गार्डन पार्क के पास खुले मैनहोल में गिरा बच्चा, पुलिस ने दर्ज किया लापरवाही का केस।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
बाहरी दिल्ली के रणहौला इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चार साल का एक बच्चा खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर कई एजेंसियों का संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा नांगली विहार के पास स्थित दास गार्डन पार्क के समीप हुआ। बच्चे को खोजने के लिए दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लगातार जुटे हुए हैं। मौके पर बच्चे के परिजन भी मौजूद हैं और अनहोनी की आशंका के बीच उसके सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि रणहौला थाने को मंगलवार दोपहर करीब 3:21 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना में बताया गया कि एक चार वर्षीय बच्चा खेलते समय सीवर में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जो खेड़ी बाबा पुल के पास गंदे नाले के समीप स्थित है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाले के साथ सर्विस रोड के समानांतर सीवर लाइन गुजर रही है। मोहन गार्डन की सोम बाजार वाली गली का निवासी यह बच्चा अपनी मां के साथ दास गार्डन पार्क आया हुआ था। पार्क से नाले की तरफ जाने के दौरान वह सड़क किनारे बने खुले मैनहोल में समा गया।
घटनास्थल पर मौजूद बच्चे के पिता ने बताया कि उनका बेटा एक अन्य बालक के साथ पार्क में खेलने आया था। उन्होंने बताया कि सीवर का ढक्कन खुला हुआ था, जिसके पास जाते ही बच्चा उसमें गिर गया। पिता के मुताबिक बचाव दल उन्हें बच्चे को खोजने का भरोसा दे रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एनडीआरएफ और राहत दल लगातार सीवर और नाले में तलाशी अभियान चला रहे हैं, लेकिन अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस मामले में रणहौला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत केस दर्ज किया है और हादसे की सटीक वजह जानने व जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच की जा रही है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0