गाजियाबाद: दिल्ली पुलिस के 28 वर्षीय सिपाही ने घर में फंदे से लटककर की खुदकुशी
भोजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर गांव में दिल्ली पुलिस के जवान मोहित शर्मा ने बृहस्पतिवार रात कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसापुर गांव में दिल्ली पुलिस के एक जवान द्वारा कथित तौर पर खुदकुशी किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहित शर्मा के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर सेवारत थे। बृहस्पतिवार रात उनका शव पैतृक आवास के कमरे में फंदे से लटका मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सिपाही मोहित शर्मा बृहस्पतिवार को अपने घर आए हुए थे। शाम के समय उन्होंने परिजनों के साथ सामान्य रूप से बातचीत की और कुछ देर बाद अपने कमरे में चले गए। उस दौरान परिजनों को किसी भी तरह के तनाव या अनहोनी की आशंका नहीं थी।
रात करीब 10 बजे तक जब मोहित काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले, तो परिजनों को संदेह हुआ। कमरे के भीतर जाकर देखने पर जवान फंदे से लटके मिले। परिजनों ने तत्काल उन्हें फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
गंभीर हालत में परिजन मोहित को मोदीनगर स्थित जीवन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात अस्पताल प्रशासन द्वारा स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले की पड़ताल के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सिपाही द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत छानबीन के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
लेखक




टिप्पणियाँ
0