फरीदाबाद: डेटिंग ऐप पर रईसों को फंसाकर लूट और ब्लैकमेल करने वाली मां-बेटी गिरफ्तार
डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर नशीला पदार्थ पिलाने और दुष्कर्म के झूठे केस की धमकी देकर उगाही करने के आरोप में फरीदाबाद पुलिस ने मां-बेटी को दबोचा।
फरीदाबाद पुलिस की बड़खल क्राइम ब्रांच ने डेटिंग ऐप के माध्यम से संपन्न लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटने और ब्लैकमेल करने के आरोप में मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली की निवासी हैं और पिछले करीब पांच वर्षों से इस तरह की गतिविधियों में लिप्त थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 24 वर्षीय बेटी टिंडर और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर सक्रिय रहती थी। वह ऐसी प्रोफाइल तलाशती थी जिनमें महंगी गाड़ियां, घड़ियां या सोने की चेन प्रदर्शित की गई हों। इसके बाद वह बातचीत बढ़ाकर पीड़ितों को होटल में मिलने के बहाने बुलाती थी।
होटल के कमरे में मुलाकात के दौरान युवती कथित तौर पर पीड़ितों को नशीला पेय पिलाकर बेहोश कर देती थी और उनके गहने व नकदी लेकर फरार हो जाती थी। जिन पीड़ितों के पास मौके पर कीमती सामान नहीं होता था, वहां 50 वर्षीय मां पहुंचती थी। मां दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे वसूलने का दबाव बनाती थी।
इस मामले का खुलासा फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर सूरज की शिकायत के बाद हुआ। पीड़ित के अनुसार, टिंडर पर संपर्क के बाद युवती ने उसे शहर के एक होटल में बुलाया था, जहां नशीला ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गया। होश में आने पर उसके गले से पांच तोले की सोने की चेन और 20 हजार रुपये गायब मिले, जबकि होटल रिकॉर्ड में युवती का नाम और पता भी फर्जी निकला।
क्राइम ब्रांच बड़खल के इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों के तार अंडमान-निकोबार, गुजरात, सूरत, गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब अन्य राज्यों में दर्ज मामलों और पीड़ितों से वसूली गई कुल रकम व गहनों का ब्योरा जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाएं हर वारदात के बाद अपनी पहचान और ऑनलाइन प्रोफाइल बदल लेती थीं ताकि पुरानी पहचान से संबंध न जुड़ सके। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फिल्मों से प्रभावित होकर उन्होंने यह रास्ता चुना था, जबकि पारिवारिक विवाद के चलते बेटी के पिता ने पहले ही दोनों को बेदखल कर रखा है।
पुलिस को आशंका है कि सामाजिक बदनामी के भय से कई अन्य पीड़ितों ने भी पूर्व में शिकायत दर्ज नहीं कराई होगी। फिलहाल क्राइम ब्रांच दोनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और संबंधित वित्तीय लेन-देन का पूरा सच सामने लाया जा सके।
लेखक


टिप्पणियाँ
0