गाजियाबाद में विवाद के बाद प्रेमी ने की विवाहिता की ईंट से मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मिलने पहुंची 28 वर्षीय महिला की उसके प्रेमी ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी, स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचा।
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित नाईपुरा कॉलोनी में सोमवार शाम एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी 28 वर्षीय प्रेमिका के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान बुलंदशहर निवासी पिंकी के रूप में हुई है, जो यहां अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे मुख्य आरोपी को स्थानीय निवासियों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पिंकी सोमवार शाम अपने घर से करीब 150 मीटर दूर अपने प्रेमी पिंटू (33) के कमरे पर गई थी, जहां उसकी बहन भी साथ थी। कमरे में उस दौरान पिंटू का रूम पार्टनर आर्यन मौजूद था। कुछ देर बाद जब पिंटू वहां पहुंचा, तो दोनों को साथ देखकर वह नाराज हो गया और पिंकी से झगड़ा करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में पड़ी एक ईंट उठाई और पिंकी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी। कमरे के बाहर मौजूद उसकी बहन ने चीख-पुकार सुनकर भीतर देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों को आता देख आरोपी पिंटू अपना बैग लेकर साथी के साथ भागने लगा। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस चौकी को दी।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पिंकी और पिंटू के बीच लगभग पांच महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए संपर्क हुआ था। पहले दोनों के बीच चैटिंग हुई और फिर मोबाइल नंबर साझा कर बातचीत होने लगी। आरोपी पिंटू ने पिंकी से आसानी से मिलने के लिए महज पांच दिन पहले ही नाईपुरा कॉलोनी में अपने दोस्त के साथ किराए पर कमरा लिया था।
मृतका मूल रूप से बुलंदशहर के मलकपुर की रहने वाली थी और अपने पति प्रमोद व तीन बच्चों के साथ यहां रहती थी। त्योहार के चलते उसका पति गांव गया हुआ था। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि इंद्रापुरी चौकी को घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0