गुरुग्राम में नीतू हत्याकांड का खुलासा: पूर्व सैनिक जेठ ने 8 मरला जमीन के लिए कराई थी हत्या, गिरफ्तार
गुरुग्राम के दौलाह गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के जेठ को गिरफ्तार किया है, जिसने जमीन विवाद के चलते भाड़े के हत्यारों से वारदात कराई थी।
गुरुग्राम के गांव दौलाह में हुई नीतू की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी संदीप मृतका के पति प्रशांत के ताऊ का बेटा है और रिश्ते में नीतू का जेठ लगता है। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, संदीप पूर्व सैनिक है और वर्ष 2023 में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी व अन्य गतिविधियों के चलते उसका कोर्ट मार्शल कर दिया गया था। पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात की मुख्य वजह प्रशांत के हिस्से की आठ मरला जमीन थी। संदीप इस जमीन को बेचना चाहता था और उसने एक पार्टी से एक लाख रुपये बयाना भी ले लिया था, लेकिन नीतू के विरोध के कारण वह रकम वापस करनी पड़ी थी।
जमीन के सौदे में रुकावट बनने पर संदीप ने नीतू को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने उत्तराखंड के रुड़की से अविनाश और अनुज नामक दो कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को सुपारी देकर बुलाया था। वारदात वाले दिन दोनों शूटर गांव पहुंच गए, लेकिन उन्हें घर और रास्तों की सही जानकारी नहीं थी।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि संदीप खुद दोनों हमलावरों को एस्कॉर्ट करते हुए घर तक लेकर गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह उन्हें गांव के बाहर तक छोड़कर भी आया। घटना के समय नीतू के हाथ बांधकर और चेहरे पर टेप चिपकाकर हत्या की गई थी, जिसके बाद शव को बाथरूम में रख दिया गया और लूट का रूप देने के लिए घर का सामान बिखेर दिया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस संदीप तक पहुंचने में कामयाब रही। एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी संदीप से रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों फरार शूटरों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
लेखक




टिप्पणियाँ
0