गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास हादसा, ट्रक से कुचलकर बाइक टैक्सी चालक की मौत
द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास के समीप पहले टेंपो की टक्कर और फिर ट्रक की चपेट में आने से 26 वर्षीय बाइक चालक की मौके पर ही जान चली गई।

गुरुग्राम के बजघेड़ा इलाके में द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास के समीप हुए एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक टैक्सी चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के हैदरगढ़ निवासी अनुराग के रूप में हुई है। इस घटना में अनुराग के साथ बाइक पर पीछे बैठा उसके मकान मालिक का बेटा भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, अनुराग गुरुग्राम के सेक्टर-6 में किराये के मकान में रहता था और ओला व रैपिडो जैसी कंपनियों के लिए बाइक चलाता था। वह अपने मकान मालिक के बेटे को बैठाकर किसी काम से बजघेड़ा की तरफ जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक अंडरपास से बाहर निकली, सड़क किनारे खड़े एक टेंपो के चालक ने अचानक बिना पीछे देखे वाहन आगे बढ़ा दिया।
टेंपो की टक्कर से बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क के दूसरी ओर सुरक्षित गिर गया, जबकि अनुराग बीच सड़क पर जा गिरा। उसी समय पीछे से आ रहे एक भारी मालवाहक ट्रक ने अनियंत्रित होकर अनुराग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दोनों आरोपी चालक अपने-अपने वाहनों के साथ मौके से भाग निकले। व्यस्त मार्ग पर दुर्घटना होने के चलते वहां भारी भीड़ एकत्र हो गई और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पास ही मौजूद बजघेड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार ट्रक और टेंपो चालकों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे का टोल शुल्क बचाने के लिए कई भारी वाहन चालक बजघेड़ा के रास्ते से होकर गुजरते हैं। स्थानीय रास्ते पर दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े रहने वाले वाहनों के कारण आए दिन गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
लेखक


टिप्पणियाँ
0