पानीपत की ज्योति नगर कॉलोनी में घरों पर गिरी हाईटेंशन लाइन, टला बड़ा हादसा
पानीपत की ज्योति नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह 220 केवी की बिजली लाइन टूटकर छतों पर गिर गई, गली में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बचे।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
पानीपत की ज्योति नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां से गुजर रही 220 केवी की हाईटेंशन बिजली की लाइन अचानक टूटकर रिहायशी मकानों की छतों और नीचे गली में आ गिरी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना के समय गली में बच्चे खेल रहे थे और लोगों की आवाजाही भी जारी थी। तार टूटने की आवाज सुनकर और उसे गिरते देख परिजनों ने तुरंत बच्चों को वहां से सुरक्षित हटाया। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति अथवा बच्चा इस हाईटेंशन तार के सीधे संपर्क में नहीं आया, जिससे एक बड़ा संकट टल गया।
स्थानीय निवासी सुमित के अनुसार, शनि मंदिर के सामने स्थित गली में यह वाकया सुबह लगभग नौ बजे पेश आया। बिजली का भारी-भरकम तार कई मकानों की छतों पर जा गिरा, जबकि उसका एक हिस्सा सीधे गली में बिखर गया। तार गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में भारी दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईटेंशन लाइन में पिछले कई दिनों से अजीब आवाजें आ रही थीं। इससे तार में किसी तकनीकी खराबी की आशंका पहले से जताई जा रही थी, लेकिन इस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। आखिरकार बुधवार सुबह लाइन अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी।
हादसे के बाद कॉलोनी के निवासियों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों की मांग है कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइनों की नियमित जांच और मेंटेनेंस होना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े जानलेवा हादसे से बचा जा सके।
मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। बीबीएमबी के कनिष्ठ अभियंता बलराज शर्मा ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का कनेक्टर टूटने की सूचना प्राप्त हुई थी। कर्मचारियों को भेजकर क्षतिग्रस्त लाइन और कनेक्टर को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0