गाजियाबाद के कविनगर में पत्रकार पर जानलेवा हमला, ईंट से पीटकर किया गंभीर रूप से घायल; दो हिरासत में
कविनगर इलाके में चाऊमीन पैक कराने पहुंचे पत्रकार पर पांच युवकों ने किया हमला, दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में एक संस्थान से जुड़े पत्रकार पर पांच युवकों द्वारा ईंटों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पीड़ित की पहचान संजयनगर की गोकुलधाम सोसायटी निवासी मनोज शर्मा के रूप में हुई है। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर की हड्डियां भी टूट गई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें संजयनगर सेक्टर-23 स्थित यशोदा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, मनोज शर्मा देर रात कविनगर इलाके में चाऊमीन पैक कराने गए थे। वहां किसी बात को लेकर कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद राजकुमार, सौरव और उनके तीन अन्य साथियों ने पत्रकार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने मनोज शर्मा पर ईंट से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। गंभीर चोटें लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। इसके बावजूद हमलावर उन पर वार करते रहे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों, राजकुमार और सौरव, सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कविनगर थाना प्रभारी अनुराग शर्मा को आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक



टिप्पणियाँ
0