मेरठ: पति ने दूसरी महिला के साथ पकड़े जाने पर पत्नी को कार के बोनट पर 100 मीटर तक दौड़ाया, दो गिरफ्तार
मेरठ के लोहियानगर में पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने रोकने का प्रयास किया, पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में शनिवार देर शाम पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को कार के बोनट पर करीब 100 मीटर तक दौड़ाने का मामला सामने आया है। लोहियानगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति और उसके साथ मौजूद महिला को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, किठौर क्षेत्र के हसनपुर कला निवासी मयंक अपनी कार में एक महिला के साथ जा रहा था। हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के समीप उसकी पत्नी ने कार को देख लिया और उसे रोकने का प्रयास किया। पत्नी के सामने आने पर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ा दी, जिससे महिला बोनट पर आ गई।
चालक ने महिला के शोर मचाने के बावजूद गाड़ी नहीं रोकी और करीब 100 मीटर तक उसे बोनट पर लेकर चलता रहा। पीछे से आ रहे बाइक सवारों और अन्य राहगीरों के हस्तक्षेप और शोर मचाने के बाद मयंक ने गाड़ी रोकी। कार रुकते ही सड़क पर हंगामा हुआ और पत्नी ने पति के साथ हाथापाई की, जबकि कार सवार दूसरी महिला उस समय मौके से निकल गई।
घटनाक्रम की जांच में सामने आया कि बोनट पर लटकने से पहले एक पेट्रोल पंप पर भी विवाद हुआ था। सामने आए फुटेज के अनुसार, मयंक जब पेट्रोल डलवाकर आगे बढ़ रहा था, तब पत्नी ने स्कूटी आगे लगाकर कार रोकी थी और वहां भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
पारिवारिक पृष्ठभूमि के अनुसार मयंक की शादी वर्ष 2014 में हुई थी और दंपति के दो बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच पिछले तीन वर्षों से विवाद चल रहा था और वे अलग रह रहे थे। इस दौरान मयंक की जान-पहचान एक बीमा कंपनी में काम करने वाली तलाकशुदा महिला से हुई थी, जो घटना के वक्त उसके साथ कार में मौजूद थी।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पत्नी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर पति और उसकी साथी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0