आठ माह की बच्ची की हत्या के मामले में मां गिरफ्तार, रात में रोने पर साथी ने दबाया था गला
अगस्त 2023 में हुई आठ महीने की बच्ची की हत्या के मामले में विशेष जांच दल ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

तिरुवल्ला पुलिस ने अगस्त 2023 में हुई आठ महीने की एक बच्ची की हत्या के मामले में उसकी मां मंजू (38) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मंजू तीसरी आरोपी है। तिरुवल्ला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीआर संतोष के नेतृत्व वाली विशेष जांच टीम ने लंबी पड़ताल के बाद यह कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह वारदात उस समय हुई थी जब बच्ची रात में अचानक रोने लगी थी। बच्ची के लगातार रोने से नाराज होकर शिवन नामक व्यक्ति ने आपा खो दिया। आरोप है कि शिवन ने गुस्से में आकर मासूम का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या की इस वारदात के बाद शव को छिपाने की योजना बनाई गई। पुलिस ने बताया कि शव को ठिकाने लगाने के मकसद से शिवन और मंजू ने शिवन के छोटे भाई शक्ति को मौके पर बुलाया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर बच्ची के शव को वलंजावट्टम के एक दलदली क्षेत्र में फेंक दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2023 में मंजू का अपने पति इसक्की के साथ पारिवारिक विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर वह अपने पति का घर छोड़कर अपनी आठ महीने की बेटी के साथ अलाप्पुझा आ गई थी। इसके कुछ समय बाद मंजू, शिवन के साथ चंगनासेरी में रहने लगी थी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के लगभग तीन साल बाद आरोपी महिला को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। विशेष जांच टीम मामले के अन्य पहलुओं और घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0