नोएडा: 43वीं मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने दी जान, पुलिस जांच में कर्ज और पारिवारिक तनाव का खुलासा
गुरुग्राम निवासी 28 वर्षीय संभव जैन ने नोएडा के सुपरनोवा कॉम्प्लेक्स में उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे 3 करोड़ की एलिमोनी के दावों को नकारा।

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित बहुमंजिला सुपरनोवा इमारत की 43वीं मंजिल से शनिवार दोपहर एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरुग्राम के मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संभव शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सुपरनोवा परिसर पहुंचे थे और उन्होंने वहां एक दिन के लिए ऑनलाइन एयरबीएनबी फ्लैट बुक किया था। शनिवार दोपहर जब वह बालकनी की बाहरी मुंडेर पर दिखाई दिए, तो पास के एक फ्लैट में काम कर रहे एसी रिपेयरिंग दल ने उन्हें लटके देखकर बचाने की कोशिश की। हालांकि, कर्मियों के प्रयासों के बावजूद संभव नीचे कूद गए।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभव पिछले काफी समय से डिप्रेशन, वैवाहिक विवाद और भारी कर्ज के बोझ से जूझ रहे थे। वह घटना से चार दिन पहले से अपने घर से लापता चल रहे थे। एसएचओ सुमनेश कुमार ने बताया कि संभव ने अपनी मौत से तीन-चार दिन पहले पिता के साथ चैट पर अपने अवसाद और आत्महत्या के विचारों के बारे में बात की थी, जिस पर पिता ने उन्हें घर लौटने और साथ मिलकर समस्या सुलझाने का भरोसा दिलाया था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि संभव का विवाह 2024 में हुआ था और 2025 में उनके घर बेटे का जन्म हुआ। बच्चा सातवें महीने में प्रीमैच्योर पैदा हुआ था, जिसके चलते उसके इलाज पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च हो चुके थे और आगे भी भारी खर्च चल रहा था। इसके कुछ समय बाद पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया और मामला अदालत में तलाक तक पहुंच गया।
सोशल मीडिया पर मृतक से 3 करोड़ रुपये गुजारा भत्ता मांगे जाने की चर्चाओं को पुलिस ने निराधार बताया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में करीब 15 लाख रुपये में आपसी समझौता तय हुआ था। इसमें से लगभग 7 लाख रुपये की पहली किस्त पत्नी को दी जा चुकी थी, जबकि 7.50 लाख रुपये की दूसरी किस्त बकाया थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आर्थिक देनदारियों के अलावा संभव लगभग 140 किलोग्राम वजन और उससे जुड़ी बीमारियों के तनाव से भी परेशान थे। कूदने से पहले उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मोबाइल वीडियो, चैट्स व सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0