फरीदाबाद में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकराया ऑटो, दिल्ली के दो लोगों की मौत
मथुरा से दिल्ली लौटते समय सेक्टर-58 के पास हुआ हादसा, मृतकों में ऑटो चालक और मशीन फिटर शामिल।
फरीदाबाद में नेशनल हाईवे पर सेक्टर-58 के समीप शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से तेज रफ्तार ऑटो-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति दिल्ली के मायापुरी इलाके के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ऑटो चालक हरिंदर और यात्री दर्जीलाल के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ऑटो-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त ऑटो में फंसे हरिंदर और दर्जीलाल को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दर्जीलाल के परिजनों ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले स्थित हसनपुरा गांव के रहने वाले थे। वह मशीन फिटर का काम करते थे और इस सिलसिले में उन्हें अक्सर विभिन्न जिलों व राज्यों में जाना पड़ता था।
काम के सिलसिले में यात्रा करने के लिए वह अक्सर हरिंदर के ऑटो-रिक्शा का ही इस्तेमाल करते थे। शुक्रवार की सुबह भी दोनों किसी काम के सिलसिले में मथुरा गए थे और देर रात वहां से दिल्ली वापस लौट रहे थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार रात में अंधेरा होने के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को देख नहीं पाया, जिसके चलते ऑटो सीधे उससे जा टकराया।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0