नई दिल्ली। भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसकी एक स्पष्ट झलक रविवार को पीतमपुरा के सी.डी. ब्लॉक स्थित शिव मंदिर में आयोजित ‘ऊषा चेतन स्मृति निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर’ में देखने को मिली। उत्तर भारत की प्रमुख समाजसेवी संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (BPMS) द्वारा आयोजित इस शिविर में 275 से अधिक मरीजों ने अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। शिविर का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक था, लेकिन मरीजों का आना इसके बाद भी जारी रहा। डॉक्टरों द्वारा गहन जांच के बाद सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी बांटी गईं।

संस्था के अध्यक्ष और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने इस सफल आयोजन पर खुशी जाहिर करते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि समाज सेवा और जरूरतमंदों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अब पीतमपुरा के इसी शिव मंदिर में हर दो महीने में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। राजेश चेतन ने कहा कि भिवानी में अब तक संस्था द्वारा 40 सफल कैंप आयोजित कर हजारों मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन किया जा चुका है और जल्द ही भिवानी के साथ-साथ लोहारू में भी हर महीने ऐसे कैंप लगाने की योजना है। इस शिविर की कमान संयोजिका श्रीमती पूजा बंसल ने संभाली, जो नारी सशक्तिकरण की प्रतीक रहीं श्रीमती ऊषा चेतन की स्मृति को समर्पित था।
इस अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के डीन डॉ. महेश कुमार व्यास भी मौजूद रहे। उन्होंने आयुर्वेद को दुनिया की सबसे कारगर चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसे इसका प्राचीन गौरव वापस दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया और भविष्य में भी संस्था को सहयोग देने का आश्वासन दिया। शिविर में विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी, कथा व्यास महेंद्र चतुर्वेदी, तिब्बिया कॉलेज के प्रोफेसर श्री भगवान सहाय, सीएमओ डॉ. अल्फिया सलीम और निगम पार्षद स्मिता कौशिक सहित कई गणमान्य हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भिवानी परिवार मैत्री संघ के इस मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/delhi-traffic-challan-new-rules-fifty-percent-fine-license-cancel/

