मध्य प्रदेश से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक 3 बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले करीब 5 महीने से प्रेम संबंध चल रहे थे और पति उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।
साजिश की शुरुवात
मामला मध्य प्रदेश के खंडवा जिले का है। खंडवा एसपी गजेंद्र सिंह कंवर के मुताबिक, 1 जुलाई की रात महिला का प्रेमी करण उसके घर पहुंचा। दोनों के बीच संबंध बने और उसी दौरान महिला ने प्रेमी से कहा कि उसका पति केदार उनके रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा है। इसके बाद करण ने घर के बाहर सो रहे केदार के सिर पर लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस जाँच में खुलासा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक 32 वर्षीय केदार और उसकी पत्नी रिंकू मजदूरी करते थे। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 9 साल का है। कुछ महीने पहले मजदूरी के लिए महाराष्ट्र जाने के दौरान रिंकू की मुलाकात पड़ोसी गांव के करण से हुई थी। वहीं से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे अवैध संबंधों में बदल गया। करण रिंकू से शादी करना चाहता था और इसी वजह से दोनों ने केदार को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
निशानों ने खोली पोल
घटना के बाद रिंकू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि वह घर के अंदर सो रही थी, इसलिए उसे कुछ पता नहीं चला। लेकिन घटनास्थल पर मिले भागने के निशान और झोपड़ी का उखड़ा हुआ लकड़ी का खंभा पुलिस के शक की बड़ी वजह बने। आसपास के लोगों से पूछताछ में करण का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पत्नी रिंकू और उसके प्रेमी करण को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
