अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज होने के बीच अयोध्या के अधिवक्ताओं ने बड़ा निर्णय लिया है। फैजाबाद बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस मामले में गिरफ्तार किसी भी आरोपी की ओर से कोई वकील अदालत में पैरवी नहीं करेगा।
बार एसोसिएशन का कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। ऐसे में बार के सदस्य इस केस में आरोपियों का पक्ष नहीं रखेंगे।
SIT की जांच में क्या सामने आया?
चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और विशेष जांच दल (SIT) लगातार उनसे पूछताछ कर रहा है। जांच के दौरान आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से नकदी और अन्य अहम साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, कई आरोपियों की जीवनशैली में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। कम समय में आलीशान मकान, फार्महाउस और महंगी गाड़ियों का मालिक बनना जांच का अहम आधार बना है। पुलिस अब पैसों के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस मामले में ये 8 लोग आरोपी
- रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव
- अनुकल्प मिश्रा
- लवकुश मिश्रा
- रमाशंकर मिश्रा
- करुणेश पांडे
- सुभाष श्रीवास्तव
- मनीष यादव
- अविनाश शुक्ला
फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
