Monday, May 11, 2026
spot_img
Homeदिल्लीदिल्ली में 'रेगिस्तान के जहाज' से शराब की तस्करी: संगम विहार के...

दिल्ली में ‘रेगिस्तान के जहाज’ से शराब की तस्करी: संगम विहार के जंगलों में ऊंटों का ‘काफिला’ पकड़ा; पुलिस की सख्ती देख तस्करों ने बदला रास्ता

– दिल्ली दर्पण ब्यूरो

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन कवच’ की सख्ती से बचने के लिए शराब तस्करों ने अब तक का सबसे अजीबोगरीब तरीका अपनाया है। दक्षिण जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने संगम विहार के जंगल क्षेत्र में छापा मारकर एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो ऊंटों के जरिए हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने मौके से दो ऊंट और भारी मात्रा में शराब बरामद की है।

जंगल के रास्ते ‘ऑपरेशन कवच’ को चकमा देने की साजिश

पुलिस को 29-30 मार्च की रात गुप्त सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से सटे जंगलों के रास्ते दिल्ली में शराब की खेप आने वाली है। बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की कड़ी चेकिंग और ‘ऑपरेशन कवच’ के डर से तस्करों ने सड़कों को छोड़ जंगल का रास्ता चुना। आरोपी विनोद भड़ाना (48 वर्ष) दो ऊंटों पर शराब लादकर झाड़ियों के रास्ते दिल्ली की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी स्पेशल स्टाफ ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

बरामदगी: 39 कार्टन शराब और 2 ऊंट

पुलिस ने आरोपी के पास से 39 कार्टन (कुल 1,938 क्वार्टर) अवैध शराब बरामद की है। शराब ढोने के लिए इस्तेमाल किए गए दोनों ऊंटों को पुलिस ने सुरक्षित कर संबंधित विभाग को सौंप दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद भड़ाना हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है और उस पर पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

सड़क नहीं, ऊंटों की पीठ बनी तस्करों का सहारा

DCP दक्षिण जिला, अंकित मित्तल के अनुसार, पुलिस नाकों पर गाड़ियों की गहन तलाशी की वजह से तस्करों ने यह नया पैंतरा आजमाया था। ऊंटों का इस्तेमाल इसलिए किया गया क्योंकि वे पथरीले और जंगली रास्तों पर आसानी से चल सकते हैं जहाँ पुलिस की गाड़ियाँ नहीं पहुँच पातीं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि विनोद भड़ाना के इस ‘ऊंट नेटवर्क’ में और कौन-कौन शामिल है और वह दिल्ली में यह शराब कहाँ सप्लाई करने वाला था।

यह भी पढ़ें:https://delhidarpantv.com/delhi-chand-bagh-fire-hindu-muslim-unity-rescue-saurabh-bharadwaj-press-conf/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments