Sunday, May 17, 2026
spot_img
Home Blog Page 1061

अब नगर निगम में लोकेशन के जरिए लगेगी हाजरी

काव्या बजाज, संवाददाता

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने निगम के स्कूलों के लिए एक नया नियम निकाला है। इस नियम के तहत अब निगम के स्कूलों में पढ़ाने वाले सभी टीचर को अपने फोन में एक ऐप डाउनलोड करना होगा, जिसकी मदद से उन्हें स्कूल शुरू होने के समय अपनी फोटो ऐप के जरिए भेजनी होगी और ऐसा ही कुछ उन्हें स्कूल खत्म होने के बाद भी करना होगा, ताकि पता चल सके कि वह कब तक स्कूल में उपस्थित है।

आपको बता दें कि फोटो के साथ–साथ शिक्षकों की लोकेशन भी ऐप के जरिए निगम तक पहुँचेगी, जिससे पता लगाया जा सकेगा कि वह स्कूल में मौजूद है भी या नहीं। ऐसे में कोई भी टीचर बिना स्कूल में आए अपनी हाजरी नहीं लगा सकता। निगम ने यह कदम स्कूलों के हालात सुधारने और प्रशासन को ठीक करने के लिए उठाया है।

आपको बता दें कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम से पहले यह नियम दक्षिणी निगम में लागू हो चुका है। करीब तीन साल पहले लागू हुए इस नियम के जरिए सभी लोग कार्यालय पहुँच कर ही हाजरी लगाते है। यह नियम सिर्फ स्कूलों में ही नहीं बल्कि निगम के सभी कार्यालयों में लागू किया जाएगा।

पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी

काव्या बजाज, संवाददाता

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम लगातार आसमान छूते जा रहे हैं, जिसकी वजह से दिल्ली में पेट्रोल के दाम 90 रुपए के पार पहुँच गए हैं। राजधानी में 19 फरवरी को पेट्रोल 31 पैसे महँगा हो कर 90.19 रुपए प्रति लीटर पहुँच गया है। तो वहीं डीज़ल के दाम भी लोगों को परेशान करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। आपको बता दें कि 33 पैसे बढ़ोतरी के साथ डीजल भी अब 80.97 रुपए प्रति लीटर पहुँच गया है।

जनवरी से लेकर अब तक पेट्रोल 6.38 रुपए महँगा हो चुका है और डीज़ल 6.73 रुपए प्रति लीटर। आपको बता दें कि कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए से उपर बिक रहा है। ऐसा पहली बार हुआ है कि देश में पेट्रोल के दाम इतने ज्यादा बढ़े हैं, जिसने लोगों को काफी ज्यादा दुविधा में डाल दिया है।

जब हमने लोगों से इस पर बात की, तो उनका कहना था कि पहले महामारी ने हमारे काम पर गहरा प्रभाव डाला था और अब पेट्रोल और डीज़ल ने हमारा जीना दुभर कर दिया है। हमें समझ नहीं आ रहा कि हम किस तरह से अपना गुजारा करें। इसी के साथ–साथ उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि उन्हें जल्द से जल्द कोई कदम उठाना चाहिए, ताकि लोगों की परेशानियों का हल निकल पाए।

किसान और सरकार में अनबन जारी

काव्या बजाज,

नई दिल्ली। किसान काफ़ी समय से कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं, जिसकी वजह से किसानों और सरकार में अनबन अभी भी जारी है। किसान नेता राकेश टिकैत का कहना है कि केंद्र सरकार यह ना सोचे कि फसल कटाई का समय पास आ रहा है, तो किसान वापस चले जाएंगे। अगर सरकार यह सोचती है, तो वह गलत है, क्योंकि ऐसा कभी नहीं होने वाला। इससे पहले उन्होंने एक रैली के दौरान यह भी कहा था कि सरकार की तरफ से कोई ज़बरदस्ती की गई, तो वह अपनी सारी फसलें नष्ट कर देंगे।

इस पर भाजपा नेता संजू वर्मा ने राकेश टिकैत पर निशाना साधते हुए, कहा कि सरकार को आंदोलन कर रहे लोगों से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उन्हें उनके जैसे आंदोलनजीवियों से काफी दिक्कत है। 2014 में राकेश टिकैत रालोद से चुनाव के दौरान अपनी जमानत हार गए थे और अब वह किसानों के जरिए अपनी राजनीति खेल रहे हैं।

कई किसान नेताओं के नाम लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन सबके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इस पर किसान नेता हरनाम सिंह का कहना था कि आज भाजपा को सभी किसान और किसान नेता आंदेलनजीवी लग रहे हैं और यही आंदोलनजीवी भाजपा का इलाज करेंगे।

दिल्ली की जनता को मिलेगी ई-बस की सुविधा

काव्या बजाज, संवाददाता

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण काफी ज्यादा बढ़ता जा रहा है, जिसकी वजह से दिल्ली सरकार एक्शन में आ गई है। कुछ समय पहले सरकार ने स्विच दिल्ली अभियान चलाया था, जिसमें ई-व्हीकल पर ज्यादा ध्यान दिया गया था। इसके साथ–साथ ई-व्हीकल खरीदने वाले लोगों को सब्सिडी देने की बात भी की गई थी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसकी तरफ आकर्षित हो सके।

इस पर दिल्ली परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का कहना है कि सरकार दिल्ली की जनता को मिनी बस की सुविधा देने जा रही है और विचार किया जा रहा है कि यह मिनी बसें ई-वाहन ही हो। साल के अंत तक दिल्ली में ई-वाहनों के साथ–साथ ई-बसें भी दौड़ने लगेंगी। ताकि सुविधाओं के साथ–साथ लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिल सके।

परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सबसे अहम भूमिका दिल्ली की जनता की होगी। यह दिल्ली वासियों को सोचना है कि उन्हें ई-वाहन पर स्विच कर के प्रदूषण मुक्त दिल्ली में रहना है या नहीं। इसके फ़ायदों के साथ–साथ उन्होंने जानकारी दी कि स्विच दिल्ली अभियान के तहत सरकार अभी तक राजधानी में 70 चार्जिंग पोइंट बनवा चुकी है।

चोरों ने गैस एजेंसी का ताला तोड़ की चोरी

काव्या बजाज, संवाददाता

नई दिल्ली। शक्ति नगर एक्सटेंशन में मौजूद एचपी गैस के ऑफिस में चोरों ने ताला तोड़ कर 18 फरवरी, गुरुवार रात चोरी की घटना को अंजाम दिया। ताला तोड़ कर चोर सामान ले कर फरार हो गए। अगली सुबह जब ऑफिस में काम करने वाले लोग और मालिक वहां पर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि ऑफिस के सभी ताले टूटे हुए हैं, जिसके बाद अंदर का नज़ारा देख कर उनके होश उड़ गए।

ऑफिस का सारा सामान ज़मीन पर पड़ा मिला, जिसके बाद मालिक ने तुरंत ही पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि 18 फरवरी की रात को वह दुकान बंद कर के घर चले गए थे। 19 तारीख की सुबह जब कर्मचारी वहां पहुँचे तो ऑफिस खुला पड़ा था और सारा सामान तितर-बितर हो रखा था, उन्होंने इस घटना की जानकारी तुरंत मालिक को दी।

रात के करीब तीन बजे चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। जिसमें 10 से 15 हज़ार के सामान के साथ – साथ चोर कैश लेकर फरार हो गए। ऑफिस के लोगों का कहना है कि वहां पर चोरी की घटना आम बात हो चुकी है। आए दिन ऐसी ही वारदातें वहां पर देखने को मिलती रहती है। जिसपर लगाम लगाना अब बेहद ज़रूरी हो गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और पता लगा रही है कि इस वारदात को किन लोगों ने अंजाम दिया है।