फरीदाबाद में धूमधाम से मना दशहरा, सेक्टर-30 में 88 फीट ऊंचे रावण का हुआ दहन
फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद में 15 से अधिक स्थानों पर रावण दहन हुआ, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
फरीदाबाद शहर और ग्रेटर फरीदाबाद में विजयादशमी का पर्व मंगलवार को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जिले भर में 15 से अधिक प्रमुख स्थानों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
त्योहार का मुख्य आकर्षण सेक्टर-30 स्थित दशहरा मैदान रहा, जहां 88 फीट ऊंचा रावण का पुतला दहन के लिए तैयार किया गया था। इसके साथ ही कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतले भी खड़े किए गए थे। रावण दहन के इस भव्य दृश्य को देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ पहुंचे, जिसके चलते आयोजकों को भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
एनआईटी दशहरा मैदान में श्री सिद्धपीठ हनुमान मंदिर कमेटी द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 75 फीट ऊंचे रावण और 70-70 फीट ऊंचे मेघनाद व कुंभकरण के पुतले बनाए गए थे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए, जबकि बड़खल के विधायक धनेश अदलखा ने रावण दहन की रस्म निभाई। इस दौरान पूर्व विधायक चंदर भाटिया भी मंच पर उपस्थित रहे।
ओल्ड फरीदाबाद के सेक्टर-16ए दशहरा मैदान में भी उत्सव का रंग देखने को मिला, जहां श्री महावीर दल दशहरा कमेटी और लैय्या बिरादरी ने संयुक्त रूप से आयोजन किया। इस समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और महापौर प्रवीण बत्रा जोशी सहित कई अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे।
बल्लभगढ़ क्षेत्र में आयोजित दशहरा समारोह में स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इसके अलावा सेक्टर-37 सामुदायिक भवन, सेक्टर-31, बराही तालाब, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-8 और सूरजकुंड के निकट एमसीएफ मैदान में भी पुतलों का दहन किया गया। ग्रेटर फरीदाबाद की कई बहुमंजिला सोसाइमियों में भी स्थानीय स्तर पर दशहरा मेलों का आयोजन हुआ।
जिले भर के दशहरा मैदानों में जुटी भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। आयोजकों ने मैदानों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ ही सुचारू आवागमन की व्यवस्था संभाली। लोगों ने दहन से पूर्व विभिन्न स्थानों पर मंचित रामलीला और मनमोहक झांकियों का भी आनंद लिया।
लेखक



टिप्पणियाँ
0