मुजफ्फरनगर में पहली बार आयोजित हुआ यूपी पेडीकॉन सम्मेलन, देशभर से पहुंचे 500 से अधिक बाल रोग विशेषज्ञ
मुजफ्फरनगर में आयोजित 47वें यूपी पेडीकॉन सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ बाल स्वास्थ्य और चिकित्सा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन कर रहे हैं।

मुजफ्फरनगर में पहली बार उत्तर प्रदेश इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (यूपीआईएपी) के वार्षिक सम्मेलन 'यूपी पेडीकॉन 2026' का आयोजन किया जा रहा है। इस 47वें सम्मेलन में भाग लेने के लिए देशभर से 500 से अधिक बाल रोग विशेषज्ञ और बाल स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ शहर में एकत्र हुए हैं।
शुक्रवार से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय चिकित्सा सम्मेलन 15 नवंबर को संपन्न होगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बाल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में हो रहे नए विकास और आधुनिक प्रणालियों पर विचार-विमर्श करना है।
आयोजन के दौरान वैज्ञानिक व्याख्यान, पैनल चर्चाएं और शोध पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बाल रोग विशेषज्ञों के लिए संवादात्मक सत्र भी रखे गए हैं, जिनमें चिकित्सा पद्धति की प्रगति पर चर्चा हो रही है।
डॉ. मेमंत कुमार ने बताया कि सम्मेलन में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनीता सक्सेना भी उपस्थित हैं। वहीं आमंत्रित प्रमुख वक्ताओं में डॉ. पीयूष गुप्ता, डॉ. बकुल पारेख, डॉ. अशोक गुप्ता और डॉ. सुमन सोन शामिल हैं।
सम्मेलन के तहत होने वाले शैक्षणिक सत्रों का संचालन मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज सहित अन्य तय स्थलों पर किया जा रहा है। यहां प्रतिभागी बाल चिकित्सा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपना शोध और अनुभव साझा कर रहे हैं।
इस आयोजन का नेतृत्व चेयरपर्सन डॉ. साहिल जैन, अध्यक्ष डॉ. मिशेल कुमार और सचिव डॉ. अभिषेक यादव कर रहे हैं। इसके अलावा डॉ. आशीष कुमार और डॉ. रश्मि गोयल सम्मेलन के विभिन्न प्रबंधों और व्यवस्थाओं का समन्वय संभाल रहे हैं।
लेखक

टिप्पणियाँ
0