पाकिस्तान ने अमेरिकी डिपोर्टेशन विमान को उतरने की नहीं दी अनुमति, 9 ईरानी नागरिकों को लेकर लौटा विमान
कम से कम नौ ईरानी नागरिकों को लेकर जा रहे अमेरिकी विमान को अनुमति न मिलने के बाद एरिजोना लौटना पड़ा।

- दिल्ली दर्पण ब्यूरो
पाकिस्तान ने मंगलवार को अमेरिका के एक निर्वासन (डिपोर्टेशन) विमान को अपने यहां उतरने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया। इस विमान में कम से कम नौ ईरानी नागरिक सवार थे, जिन्हें पाकिस्तान के रास्ते ईरान भेजा जाना था। पाकिस्तानी अधिकारियों से अचानक अनुमति न मिलने के कारण विमान को बीच रास्ते से ही वापस अमेरिका लौटना पड़ा।
मानवाधिकार संस्था ‘ह्यूमन राइट्स फर्स्ट’ और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (आईसीई) का यह विमान एरिजोना के मेसा से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद ही इसे वापस बुला लिया गया और यह मेसा में ही उतरा। इसके बाद दोपहर तक सभी ईरानी नागरिकों को एरिजोना स्थित आव्रजन हिरासत केंद्र में वापस भेज दिया गया।
ईरानी अमेरिकन लीगल डिफेंस फंड की कार्यकारी निदेशक यास्मीन चुबिन के अनुसार, इससे पहले रविवार को भी आठ ईरानी नागरिकों को विमान में बैठाने के बाद उड़ान बिना कोई कारण बताए रद्द कर दी गई थी। अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, बंदियों को सप्ताहांत में बताया गया था कि उन्हें पाकिस्तान ले जाया जाएगा और वहां से आगे ईरान भेजने की व्यवस्था की गई थी।
अमेरिका के ईरान और अफगानिस्तान के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, इसलिए ट्रंप प्रशासन इन देशों के नागरिकों को तीसरे देश के रास्ते वापस भेजने की योजना पर काम कर रहा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने पहले अफगान नागरिकों के मामले पर कहा था कि यह व्यवस्था विचाराधीन है। हालांकि, मंगलवार को ईरानी नागरिकों के विमान को अनुमति न मिलने के मामले पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
इमिग्रेशन अधिकार संगठनों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चिंता जताई है कि वापस भेजे जाने पर इन लोगों को ईरान में उत्पीड़न का सामना करना पड़ सकता है। उधर, अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने कहा कि विमान में सवार कुछ लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड था और सभी के खिलाफ देश से बाहर भेजने के अंतिम आदेश जारी हो चुके थे।
लेखक




टिप्पणियाँ
0