शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में बढ़ा तनाव, गृह जिले गोपालगंज का विकास फंड रुका
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को लौटने के बयान के बीच सरकार ने उनके गृह जिले में विकास फंड और ट्रेन सेवाएं रोक दी हैं।
दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद देश में राजनीतिक टकराव गहरा गया है। आवामी लीग ने हसीना की वापसी, राजनीतिक गतिविधियों पर लगी रोक हटाने और राजनीतिक बंदियों की रिहाई समेत आठ मांगों को लेकर देशव्यापी बंद का आह्वान किया है। वहीं, हालात को देखते हुए प्रशासन ने सीमाई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
शेख हसीना के 16 दिसंबर को लौटने के बयान पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने तंज कसते हुए कहा कि दिसंबर में सिर्फ सर्दी आएगी, हसीना नहीं। हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर यानी विजय दिवस के मौके पर सरकारी विमान से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विशेष विमान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इस बीच सरकार ने शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज को मिलने वाली वित्तीय सहायता पर रोक लगा दी है। ढाका के अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, जिला परिषद, उपजिला परिषद, नगरपालिकाओं और यूनियन परिषदों को मिलने वाली तीसरी किस्त को रोक दिया गया है। इसके अलावा बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के विभिन्न विकास कार्यों के लिए पहले से स्वीकृत करीब पांच अरब टका की राशि भी रोक ली गई है।
गोपालगंज में परिवहन और प्रशासनिक व्यवस्था भी काफी हद तक प्रभावित हुई है। अधिकारियों ने तोड़फोड़ की आशंका के चलते जिले को जोड़ने वाली कम से कम पांच ट्रेनों का परिचालन फिलहाल बंद रखा है। इसके साथ ही रेलवे अधिकारियों ने ढाका और खुलना के बीच ऐसी नई ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव दिया है जो गोपालगंज से होकर न गुजरें। ट्रेनों के बंद होने से ढाका आवाजाही करने वाले आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के तुंगीपारा और मुक्सुदपुर थानों में भी आगजनी की घटनाओं के बाद से कामकाज ठप पड़ा है और उनकी जिम्मेदारी फिलहाल गोपालगंज सदर थाना संभाल रहा है। सरकार की यह सख्ती 15 नवंबर को गोपालगंज में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद देखने को मिली है। उस दौरान आवामी लीग के समर्थकों ने सरकारी इमारतों, पुलिस थानों और बीएनपी नेताओं की संपत्तियों पर हमले किए थे।
अगस्त 2024 में व्यापक जनांदोलन के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़कर भारत में शरण लेनी पड़ी थी। वर्तमान में आवामी लीग पर राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने पर पाबंदी लगी हुई है। पार्टी अपनी ताकत दिखाने और अपनी मांगों को मनवाने के लिए सड़कों पर उतरने की कोशिश कर रही है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।
लेखक


टिप्पणियाँ
0