अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने युद्ध स्मारक पर टोकने वाले सैनिक को पदक देकर किया सम्मानित
वेटरन्स डे पर अज्ञात सैनिक के स्मारक के पास बातचीत करने पर पहरेदार ने रक्षा मंत्री और उनके दल को शांति बनाए रखने की हिदायत दी थी।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना के जवान थॉमस इग्लेसियस को कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के लिए 'जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' से सम्मानित किया है। यह सम्मान उस वाकये के ठीक अगले दिन दिया गया, जब सैनिक ने युद्ध स्मारक पर बात कर रहे रक्षा मंत्री और उनके दल को प्रोटोकॉल याद दिलाते हुए शांत रहने को कहा था।
हेगसेथ ने सैनिक को पेंटागन बुलाकर यह पदक सौंपा और इस सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। रक्षा मंत्री ने सैनिक की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें नियमों का पालन और अनुशासन पसंद है। उन्होंने सैनिक की प्रशंसा करते हुए अपना काम इसी तरह जारी रखने का संदेश दिया।
यह पूरा घटनाक्रम 11 नवंबर को वेटरन्स डे के अवसर पर वॉशिंगटन स्थित अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान में हुआ। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ हेगसेथ भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' यानी अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे।
उसी दौरान रक्षा मंत्री के दल की ओर से बात करने और हंसने की आवाजें आईं। समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें तुरंत टोका और जोर से कहा कि सभी लोग हर समय शांति और सम्मान बनाए रखें। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें जवान सख्ती से नियमों का पालन करवाता दिखा।
वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इग्लेसियस ने उपस्थित लोगों को शांति और मर्यादा बनाए रखने की सही याद दिलाई थी। समाधि पर तैनात सैनिकों का काम न सिर्फ पहरा देना है, बल्कि वहां शोर रोकने और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होती है।
अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान में स्थित अज्ञात सैनिक की समाधि अमेरिका के सबसे प्रमुख युद्ध स्मारकों में से एक है। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध में जान गंवाने वाले उन अज्ञात सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी।
इस स्मारक की सुरक्षा अमेरिकी सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट यानी 'द ओल्ड गार्ड' द्वारा की जाती है। यह रेजिमेंट वर्ष 1948 से यहां दिन-रात पहरा दे रही है। स्मारक के नियमों के तहत यहां पहरा देने वाले जवानों को लगातार सतर्क रहना होता है और किसी को भी वहां तेज बोलने या शोर करने की अनुमति नहीं दी जाती है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0