हरियाणा दिवस पर पानीपत आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
एक नवंबर को थिराना स्थित ब्रह्माकुमारी मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी राष्ट्रपति, डीसी और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।

हरियाणा दिवस के अवसर पर आगामी एक नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पानीपत के दौरे पर रहेंगी। उनके प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राष्ट्रपति थिराना स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित ‘विकसित भारत का संकल्प ग्राम उत्थान से राष्ट्रीय उत्थान’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इस राज्यस्तरीय आयोजन में हरियाणा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम के मद्देनजर मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के मुख्य सभागार में लगभग 600 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, इन अतिथियों में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिक, डॉक्टर, अधिवक्ता और शिक्षक शामिल रहेंगे।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने प्रशासनिक दल के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने मतलौडा अनाज मंडी और रिट्रीट सेंटर के आसपास संभावित हेलीपैड स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त प्रशासनिक दल के साथ अब तक दो बार इस स्थल का मुआयना कर चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ब्रह्माकुमारी संस्थान के निदेशक भारत भूषण से कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करें और आपसी समन्वय बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सुरक्षा और बैठक व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।
पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए योजना तैयार कर ली है। पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। अतिथियों के निर्बाध आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैद रहेगा।
लेखक




टिप्पणियाँ
0