रोहतक: सुखपुरा चौक पर बन रहे फ्लाईओवर का 70 फीसदी काम पूरा, 31 दिसंबर तक तैयार करने का दावा
रोहतक के जींद रोड पर 65.88 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 1,175 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, हालांकि 9 पिलरों पर लेंटर डलना अब भी बाकी है।
रोहतक में जींद रोड स्थित सुखपुरा चौक पर बन रहे 1,175 मीटर लंबे फ्लाईओवर का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि इस पुल का निर्माण 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आने वाले समय में वाहन चालकों को राहत मिलेगी। हालांकि, धरातल पर अब भी 9 पिलर के ऊपर लेंटर डालने और उसके बाद सड़क बनाने का काम बाकी है।
सुखपुरा चौक शहर का एक प्रमुख चौराहा है, जहां चारों तरफ से गाड़ियों की भारी आवाजाही रहती है। यहां हिसार, जींद, भिवानी और नरवाना की ओर से आने-जाने वाले वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिसके चलते अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए चौक के ऊपर से नए पुल का निर्माण शुरू कराया गया था।
हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिज डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा 65.88 करोड़ रुपये की लागत वाले इस पुल का काम वर्ष 2023 में शुरू किया गया था। निर्माण कार्य को पहले सितंबर 2024 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी। बाद में एजेंसी की धीमी गति और तकनीकी कारणों के चलते यह डेडलाइन आगे खिसकती रही।
परियोजना में देरी की एक वजह निर्माण के दौरान हुआ तकनीकी व्यवधान भी रहा। पिलर के ऊपर पीयर कैप निर्माण के समय लगाई गई शटरिंग की वेल्डिंग खुलने और धंसने के चलते ढांचा नीचे गिर गया था। इस कारण प्रभावित हिस्से को दोबारा तैयार करना पड़ा, जिससे काम की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई थी।
वर्तमान स्थिति की बात करें तो पुल पर अधिकांश गर्डर रखे जा चुके हैं, लेकिन 9 पिलरों पर स्लैब ढालने का काम अब भी लंबित है। लेंटर डलने के बाद ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। ऐसे में तय समयसीमा के भीतर शेष बचे कार्यों को निपटाना निर्माण एजेंसी के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) अरुण कुमार के अनुसार, सुखपुरा चौक पुल का निर्माण कार्य 31 दिसंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी को तय समय दिया गया है और यदि ग्रैप पाबंदियों के कारण कुछ दिन काम रुकता है, तो उतना अतिरिक्त समय बढ़ाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एजेंसी ने समय पर काम पूरा नहीं किया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लेखक


टिप्पणियाँ
0