- –दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने आज राजधानी में आयोजित एक विशेष ‘झालमुड़ी कार्यक्रम’ के जरिए पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिस झालमुड़ी का उपहास मुख्यमंत्री ने उड़ाया था, आज उसी ने उनकी सत्ता की जड़ें हिला दी हैं। खंडेलवाल ने जोर देकर कहा कि झालमुड़ी अब केवल एक व्यंजन नहीं, बल्कि बंगाल में भाजपा के विजय संकल्प का प्रतीक बन चुकी है।
जनभावनाओं के अपमान का मिला करारा जवाब
श्री खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘लोकल के लिए वोकल’ नीति का स्मरण कराते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने बंगाल के एक साधारण स्टॉल पर झालमुड़ी का आनंद लिया, तो विपक्ष ने इसका उपहास उड़ाया। उन्होंने कहा, “झालमुड़ी बंगाल के हर गरीब और अमीर व्यक्ति की संस्कृति का हिस्सा है। इसका मजाक उड़ाकर ममता बनर्जी ने सीधे तौर पर बंगाल की जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाई थी। आज आए जनादेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करती।”
विपक्ष का ‘रोना-धोना’ हार छिपाने का नाटक
चुनावी परिणामों के बाद विपक्षी दलों की प्रतिक्रियाओं को श्री खंडेलवाल ने महज एक ‘हताशा भरा नाटक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा मचाया जा रहा शोर उनकी हार की जिम्मेदारी से बचने की एक नाकाम कोशिश है। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की सटीक रणनीति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है, जिसने विपक्ष की नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
विकास और सुशासन की नई सुबह
सांसद खंडेलवाल ने अपने संबोधन के अंत में स्पष्ट किया कि यह जीत केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि तुष्टिकरण और डर की राजनीति के अंत का संकेत है। बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और सम्मान के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

