फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पर्वतीय कॉलोनी में देर रात दो युवकों ने घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक का लॉक तोड़ा और चोरी कर फरार हो गए, पुलिस फुटेज से जांच में जुटी है।
फरीदाबाद के पर्वतीय कॉलोनी क्षेत्र में देर रात घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने कुछ ही सेकंड में वाहन का लॉक तोड़ा और उसे लेकर मौके से फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी अन्नी शर्मा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पर्वतीय कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं और शहर में ड्राइवर का काम करते हैं। उन्होंने 13 अक्तूबर की रात अपनी स्प्लेंडर बाइक रोजाना की तरह घर के नीचे खड़ी की थी और इसके बाद अंदर चले गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार देर रात करीब 3 बजे दो युवक एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास के माहौल का मुआयना किया और सतर्कता बरती। इसके बाद उनमें से एक युवक नीचे उतरा और उसने खड़ी बाइक के पास जाकर उसका लॉक तोड़ दिया।
वारदात के दौरान दूसरा आरोपी अपनी बाइक पर ही बैठा रहा और निगरानी करता रहा। लॉक खुलते ही आरोपी बाइक लेकर मौके से भाग निकला और दूसरा युवक भी अपनी बाइक से उसके पीछे चला गया। सुबह जब पीड़ित घर से बाहर निकले तो उन्हें वाहन नदारद मिला।
आसपास तलाश करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उन्हें बाइक चोरी होने का पता चला। पीड़ित के अनुसार उन्होंने यह बाइक वर्ष 2023 में खरीदी थी और वाहन चोरी होने की वजह से अब उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0