फरीदाबाद OYO होटल में DU छात्रा की संदिग्ध मौत, बॉयफ्रेंड फरार; हत्या का केस दर्ज
फरीदाबाद के OYO होटल में DU छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद बॉयफ्रेंड फरार, पुलिस हत्या के एंगल से जांच में जुटी।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित एक होटल में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की 19 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा अपने पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ होटल में ठहरी थी, लेकिन घटना के बाद युवक फरार हो गया। कमरे से चूहे मारने की दवा, एक कथित सुसाइड नोट और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर फरार युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा सोमवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी। दोपहर करीब तीन बजे तक उसकी परिवार से फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने धौज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार को सेक्टर-37 स्थित होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो छात्रा बेड पर अचेत अवस्था में मिली। उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहे थे। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से चूहे मारने की दवा की शीशी और एक हस्तलिखित नोट मिला। हालांकि पुलिस को नोट की हैंडराइटिंग पर संदेह है और उसकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नोट की प्रामाणिकता और उसमें लिखी बातों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा होटल में अपने पड़ोसी युवक के साथ आई थी। होटल के सीसीटीवी फुटेज में युवक को होटल से बाहर जाते हुए देखा गया है, जबकि छात्रा कमरे में ही रही। घटना के बाद से युवक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) जोड़ दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0