फरीदाबाद: कई दिन से लापता इंजीनियर का सहकर्मी के कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
बल्लभगढ़ निवासी पंकज राणा छह दिनों से घर से लापता थे, पुलिस अब सहकर्मी से पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में कई दिनों से लापता 31 वर्षीय क्वालिटी इंजीनियर पंकज राणा का शव उनके एक सहकर्मी के कमरे में फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने अंदर से बंद कमरे का दरवाजा कटर से कटवाकर शव को बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बल्लभगढ़ के आदर्श नगर निवासी पंकज आईएमटी स्थित ताजू फोर्जिंग कंपनी में लंबे समय से कार्यरत थे। वह 8 अक्टूबर की सुबह घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन पंकज परिजनों के फोन का जवाब नहीं दे रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑफिस न पहुंचने पर कंपनी के विभागाध्यक्ष (एचओडी) ने पंकज को फोन किया था। बातचीत के दौरान पंकज ने 11 अक्टूबर तक छुट्टी मांगी थी और सोमवार को काम पर लौटने का आश्वासन दिया था। हालांकि, वह निर्धारित दिन भी काम पर नहीं पहुंचे और घर जाने के बजाय अपने सहकर्मी शैलेन्द्र के कमरे पर रुके रहे।
जांच में सामने आया है कि 14 अक्टूबर को पंकज ने शैलेन्द्र को अपनी बाइक देकर खाना लाने भेजा था। दोनों के शराब पीने की बात भी सामने आई है। जब शैलेन्द्र खाना लेकर वापस लौटा, तो कमरा अंदर से बंद मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर दरवाजा कटवाया और अंदर पंकज का शव पंखे से लटका मिला।
घटना के बाद शैलेन्द्र ने पंकज के दोस्त तरुण को सूचना दी, जिसके जरिए परिवार को घटना का पता चला। वहीं, पंकज के भाई भारत ने आरोप लगाया है कि कंपनी के लोगों को पंकज के बारे में जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद परिवार को कुछ नहीं बताया गया। पुलिस के अनुसार, दो बच्चों के पिता पंकज का अपनी पत्नी से भी विवाद चल रहा था।
आईएमटी चौकी प्रभारी के अनुसार, सहकर्मी शैलेन्द्र फिलहाल अपने गांव गया हुआ है और उसके फरीदाबाद लौटने पर उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विसरा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
लेखक



टिप्पणियाँ
0