फरीदाबाद: नाहर सिंह स्टेडियम के निर्माण में देरी पर एजेंसी ब्लैकलिस्ट, अब नया टेंडर जारी करेगा निगम
फरीदाबाद नगर निगम ने नोटिस का जवाब न मिलने और काम ठप करने पर पुरानी निर्माण एजेंसी को बाहर का रास्ता दिखाया है।
फरीदाबाद स्थित शहीद राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के जीर्णोद्धार का अधूरा काम अब एक नई एजेंसी द्वारा पूरा कराया जाएगा। नगर निगम ने निर्माण कार्य में अत्यधिक देरी और कारण बताओ नोटिस का कोई जवाब नहीं देने पर पुरानी एजेंसी रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अब निगम प्रशासन बचे हुए कार्यों को पूरा कराने के लिए नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है।
नगर निगम आयुक्त अनिल यादव के अनुसार, संबंधित निर्माण एजेंसी को लापरवाही और काम रोकने पर नोटिस जारी किया गया था। एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद उसे ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम का शेष काम समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जल्द ही नई कार्यदायी संस्था का चयन किया जाएगा।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक निर्माण कार्य रुकने के पीछे भुगतान से जुड़ा विवाद भी प्रमुख कारण रहा है। ब्लैकलिस्ट की गई एजेंसी का नगर निगम पर लगभग छह से सात करोड़ रुपये का बकाया बताया जा रहा है, जिसका भुगतान न होने की वजह से एजेंसी ने काम बीच में ही रोक दिया था। उक्त एजेंसी के पास कुल परियोजना के 25 प्रतिशत हिस्से को पूरा करने का जिम्मा था, जिसे वह अधूरा छोड़कर हट गई।
गौरतलब है कि साल 2015 में हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के कायाकल्प की घोषणा की थी। शुरुआती दौर में इसके लिए 135 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था, जो बाद में विभिन्न कार्यों को शामिल किए जाने के साथ बढ़कर लगभग 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। वर्ष 2019 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की तर्ज पर इसे आधुनिक रूप देने का काम शुरू हुआ था, लेकिन छह साल बीत जाने के बाद भी करीब 60 प्रतिशत काम ही हो सका है।
लंबे समय से निर्माण बंद रहने के कारण वर्तमान में स्टेडियम परिसर की स्थिति बदहाल हो चुकी है। मैदान में चारों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं और पूरा परिसर जंगल जैसा दिखने लगा है। खेल मैदान के साथ-साथ दर्शकों के बैठने के लिए प्रस्तावित दीर्घा का काम भी अभी तक अधूरा पड़ा हुआ है।
इस बीच कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दावा किया है कि परियोजना से जुड़ी तमाम बाधाओं को दूर कर लिया गया है। मंत्री विपुल गोयल के अनुसार अधिकारियों के साथ इस संबंध में समीक्षा बैठकें की जा चुकी हैं और जल्द ही निर्माण को गति दी जाएगी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री ने भी शहरवासियों को स्टेडियम का निर्माण जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया है।
लेखक

टिप्पणियाँ
0