मेरठ में 53वें संयुक्त मसीह सम्मेलन का आयोजन, देश में शांति और उन्नति के लिए की गई प्रार्थना
मेरठ के सिटी मेथोडिस्ट चर्च ग्राउंड में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे, बीमारों के स्वास्थ्य और समाज कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना हुई।

मेरठ के सिटी मेथोडिस्ट चर्च ग्राउंड में 53वें संयुक्त मसीह सम्मेलन का आयोजन किया गया। शनिवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रार्थना और आराधना सभा हुई, जिसमें शहर के विभिन्न चर्चों से जुड़े मसीह समाज के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इस धार्मिक आयोजन में सेंट जोसेफ चर्च और बेशेबा चर्च ऑफ गॉड की ओर से परमेश्वर की स्तुति की गई। सम्मेलन के दौरान चर्च की क्वायर टीम ने प्रभु यीशु मसीह की महिमा में भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का संचालन पादरी मनीष मुखर्जी ने किया। सम्मेलन में इंदौर से आए मुख्य वक्ता एपोस्टल विशाल सैमुअल ने प्रभु यीशु के वचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने लोगों से प्रभु के वचनों का पालन करने और सेवा भाव अपनाने की अपील की।
एपोस्टल विशाल सैमुअल ने अपने संबोधन में कहा कि जो व्यक्ति प्रभु के सेवकों का आदर करता है और उन्हें अपने घर में स्थान देता है, परमेश्वर उसे ऊंचा उठाता है और अपनी अपार आशीष देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को दूसरों की सहायता करने और समाज सेवा के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया।
सम्मेलन के दौरान बीमार लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए विशेष सामूहिक प्रार्थना की गई। इसके साथ ही देश में शांति, आपसी सद्भाव और निरंतर उन्नति बनाए रखने की भी ईश्वर से कामना की गई।
आयोजकों में शामिल ब्रदर ललित स्टीफन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी संयुक्त मसीह सम्मेलन में मसीह समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को आध्यात्मिक संदेश देना और आपसी एकता को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर फादर मुकेश रावत, पादरी रमेश जॉन, पादरी हरीश, पादरी रोहित, पादरी शशि कपूर मसीह, पादरी चमन, कम्फर्ट कमलेश, आर्थर दास, सिल्विया, रॉबर्ट, संजय राय, रीना और राजेश मार्टिन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
लेखक

टिप्पणियाँ
0