दिल्ली में करीब 88 फीसदी महिलाओं को बस और मेट्रो स्टॉप तक पैदल जाना लगता है असुरक्षित: अध्ययन
सीईक्यूयूआईएन के ताजा सर्वेक्षण में खराब फुटपाथ, अंधेरे और पुरुषों के आपत्तिजनक व्यवहार को महिलाओं की आवाजाही में मुख्य बाधा बताया गया।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं और लड़कियों के लिए नजदीकी सार्वजनिक परिवहन तक पहुंचना भी गंभीर भय का कारण बनता जा रहा है। लैंगिक समानता पर काम करने वाले संगठन 'सेंटर फॉर इक्विटी एंड इनक्लूजन' (सीईक्यूयूआईएन) के ताजा अध्ययन के अनुसार, 87.5 प्रतिशत महिलाओं ने निकटतम मेट्रो स्टेशन या बस स्टॉप तक पैदल जाने में असुरक्षा महसूस करने की बात कही है। वहीं 88.9 प्रतिशत प्रतिभागियों ने अंधेरा होने के बाद अपने नजदीकी सार्वजनिक पार्कों को पूरी तरह असुरक्षित बताया।
सड़क और पैदल मार्ग से जुड़े बुनियादी ढांचे की स्थिति भी बेहद चिंताजनक पाई गई है। अध्ययन में शामिल तीन-चौथाई से अधिक लोगों ने फुटपाथों पर रोशनी की खराब व्यवस्था की शिकायत की, जबकि 60 प्रतिशत ने बताया कि फुटपाथ या तो टूटे हुए हैं अथवा मौजूद ही नहीं हैं। संस्था के अनुसार, यह निष्कर्ष 1,588 महिलाओं, किशोरियों और एलजीबीटीक्यू समुदाय के व्यक्तियों से मिली प्रतिक्रियाओं पर आधारित हैं।
सर्वेक्षण में यह बात भी रेखांकित की गई है कि लगभग 80 प्रतिशत प्रतिभागियों के लिए पुरुषों का व्यवहार दैनिक आवाजाही को असुरक्षित बनाता है। इनमें लगातार घूरना, फब्तियां कसना और पीछा करना जैसी हरकतें शामिल हैं। रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि यह समस्या केवल यौन हिंसा के सीधे खतरे तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों में दैनिक स्तर पर महिलाओं की स्वतंत्रता को सीमित करती है।
नागरिक जवाबदेही को लेकर भी अध्ययन में गंभीर अंतर सामने आया है। लगभग 80.5 प्रतिशत उत्तरदाता यह बताने में असमर्थ रहे कि अपनी इन समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए उन्हें किस नागरिक या प्रशासनिक संस्था से संपर्क करना चाहिए। संगठन की सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक लोरा के. प्रभु के अनुसार, जब 80 प्रतिशत से ज्यादा नागरिक जिम्मेदार प्राधिकरण की पहचान तक नहीं कर सकते, तो बहिष्कार शहर की व्यवस्था में ही शामिल हो जाता है।
संस्था ने 'एवरीडे जर्नीज: विमेंस एंड गर्ल्स एक्सेस टू फुटपाथ्स एंड पब्लिक पार्क्स इन दिल्ली' शीर्षक वाली इस रिपोर्ट की सिफारिशें सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी हैं। यह अध्ययन दिल्ली-एनसीआर में सामने आए दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के हालिया मामलों, विशेषकर आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म की पृष्ठभूमि में सामने आया है। सितंबर के पहले तीन हफ्तों में कम से कम 13 ऐसे मामले सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए संवेदनशील स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए थे।
रिपोर्ट में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि दिल्ली में वर्ष 2024 के दौरान महिलाओं के खिलाफ 13,396 अपराध दर्ज किए गए, जो देश के 19 प्रमुख महानगरों में सर्वाधिक हैं। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में दिल्ली में महिला श्रम बल भागीदारी दर पुरुषों के 54 प्रतिशत की तुलना में महज 14.5 प्रतिशत रही, जिसे सार्वजनिक स्थलों में असुरक्षा और आवाजाही पर लगी पाबंदियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0