भलस्वा डेरी: सरकारी स्कूल में गंदगी का वीडियो बनाने पर अभिभावक पर छेड़छाड़ का आरोप, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
भलस्वा डेरी के एक सरकारी स्कूल में गंदगी की शिकायत करने पहुंचे अभिभावक पर महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद मामला विवादों में आ गया।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भलस्वा डेरी इलाके से एक विवादित मामला सामने आया है। एक अभिभावक ने आरोप लगाया है कि सरकारी नगर निगम स्कूल में गंदगी का वीडियो बनाने और उसकी शिकायत करने पर स्कूल के शिक्षकों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। बाद में पुलिस बुलाकर उस पर महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया गया। हालांकि, पुलिस या स्कूल प्रशासन की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार के अनुसार, नवीन हुसैन नामक व्यक्ति अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गया था। इस दौरान उसने कथित तौर पर कक्षा में फैली गंदगी का वीडियो बनाया और मौजूद शिक्षकों से सफाई कराने की बात कही। परिवार का दावा है कि नवीन ने यह भी कहा था कि यदि सफाई नहीं कराई गई तो वह संबंधित अधिकारियों तक वीडियो पहुंचाएगा।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद कई शिक्षक मौके पर पहुंचे और नवीन हुसैन को एक कमरे में बंद कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। परिवार का कहना है कि उन्हें पूरी घटना समझने का मौका भी नहीं मिला और नवीन पर महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया गया।
परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन अपनी लापरवाही और स्कूल में फैली गंदगी को छिपाने के लिए झूठा मामला दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है। उनका यह भी दावा है कि दोपहर करीब 1 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस नवीन हुसैन से पूछताछ करती रही और लगातार उसी पर महिला शिक्षिका के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाती रही।
यह मामला दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, स्कूल प्रशासन की प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।
ऐसे में मामले की सच्चाई पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। यदि स्कूल प्रशासन या दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है, तो खबर को अपडेट किया जाएगा.
लेखक




टिप्पणियाँ
0