गुरुग्राम में स्टंटबाजी के दौरान खड़ी गाड़ी में मारी टक्कर, रोकने पर कुचलने का प्रयास करने वाले तीन छात्र गिरफ्तार
गुरुग्राम के मार्बल मार्केट में कार से खतरनाक स्टंट करने और रोकने की कोशिश कर रहे व्यक्ति पर गाड़ी चढ़ाने के आरोप में तीन छात्रों को पकड़ा गया।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित मार्बल मार्केट में एक कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने और सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घटना के बाद भागने के दौरान उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति पर भी वाहन चढ़ाने का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद स्थानीय व्यापारियों ने कार को घेर लिया और तीनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 23 नवंबर को सुबह लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच घटी। सेक्टर-70 निवासी नवनीत करनावत ने बताया कि सेक्टर-34 के प्लॉट नंबर-94 पर उनकी 'पदमावती स्टोरेक्स' नाम से दुकान है। घटना के समय उनकी एमजी हेक्टर गाड़ी दुकान के बाहर खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार में आई एक बलेनो कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बलेनो का चालक सड़क पर खतरनाक तरीके से गाड़ी दौड़ाते हुए स्टंट कर रहा था। टक्कर लगने के बाद जब आसपास के लोगों ने चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह रुकने के बजाय दोबारा स्टंट करते हुए वहां से भागने लगा। इस दौरान रास्ते में जब एक व्यक्ति ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने उसे डराने और कुचलने की नीयत से कार उस पर चढ़ाने की कोशिश की।
घटनास्थल पर मचे हड़कंप के बीच मार्बल मार्केट के अन्य व्यापारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए घेराबंदी कर बलेनो कार को रोक लिया। इसके बाद व्यापारियों ने कार में बैठे तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया और सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस (20), गोपाल तंवर (21) और विवेक सिंह (22) के रूप में हुई है। प्रिंस गांव बमरोल, सिकंदरपुर बढ़ा का निवासी है, जबकि गोपाल साउथ-वेस्ट दिल्ली के जोनापुर थाना क्षेत्र के मांडी गांव का रहने वाला है। तीसरा आरोपी विवेक सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का निवासी है और वर्तमान में सिकंदरपुर बढ़ा में रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों युवक गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं, जिनमें प्रिंस और विवेक बीबीए तथा गोपाल बीसीए का छात्र है। शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के वक्त प्रिंस अपने पिता की बलेनो कार चला रहा था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0