दिल्ली में विजयादशमी की तैयारियां पूरी, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अलग-अलग मंचों से करेंगे रावण दहन
विजयादशमी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंद्रप्रस्थ रामलीला और गृह मंत्री अमित शाह लाल किले के माधवदास पार्क में आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे।

राजधानी दिल्ली में विजयादशमी का पर्व मनाने के लिए सभी प्रमुख रामलीला समितियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले दशहरा कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी दिल्ली में इंद्रप्रस्थ रामलीला समिति द्वारा आयोजित समारोह में भाग लेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लाल किला मैदान स्थित माधवदास पार्क में श्री धार्मिक रामलीला समिति के मंच पर उपस्थित रहेंगे।
परंपरा के अनुसार दोनों नेता प्रतीकात्मक रूप से धनुष-बाण चलाकर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन करेंगे। शीर्ष नेताओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने आयोजन स्थलों पर कड़े और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा बलों द्वारा दोनों प्रमुख स्थलों के आसपास भीड़ प्रबंधन और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। आयोजन के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।
इस वर्ष दिल्ली की प्रमुख रामलीलाओं में उत्सव को भव्य रूप देने के लिए विशेष आकर्षण जोड़े गए हैं। आयोजकों ने आधुनिक तकनीक से तैयार विशालकाय पुतलों, भव्य मंचन और डिजिटल आतिशबाजी का विशेष प्रबंध किया है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0