पोलैंड के क्राको में अंधाधुंध गोलीबारी में 9 लोगों की मौत, हमलावर दक्षिणपंथी विचारधारा से था प्रभावित
क्राको के ऐतिहासिक बाजार में एक बंदूकधारी ने परिवार के तीन सदस्यों समेत 9 लोगों की हत्या कर दी, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं।

पोलैंड के ऐतिहासिक शहर क्राको में शनिवार को हुई भीषण गोलीबारी में एक बंदूकधारी ने अपने परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल नौ लोगों की जान ले ली। इस हमले में दो पुलिस अधिकारियों समेत कम से कम 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस वारदात को एक आतंकी हमला करार दिया है।
पोलैंड के आंतरिक मंत्री मार्सिन कीरविंस्की ने बताया कि हमलावर श्विएतोक्र्जिस्की क्षेत्र का रहने वाला 20 से 25 वर्ष की उम्र का एक पोलिश नागरिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के सभी संकेत बताते हैं कि वह अति-राष्ट्रवादी सोच रखता था और चरम दक्षिणपंथी विचारधाराओं से बेहद प्रभावित था।
क्राको पुलिस प्रवक्ता कतारजिना सिस्लो के अनुसार, हमलावर सैन्य पोशाक में था और उसने एक स्वचालित सैन्य राइफल से गोलीबारी की। उसने पर्यटकों के प्रमुख केंद्र 'मेन मार्केट स्क्वायर' में चलती गाड़ी से लोगों पर गोलियां बरसाईं। पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोलियां लगने के बावजूद वह फायरिंग करता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे काबू कर स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3 बजे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि शहर के केंद्र में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हुई। इसके अलावा, क्राको के बाहर ओस्त्रोविएक श्विएतोक्र्जिस्की में स्थित हमलावर के घर से तीन अन्य शव मिले। पुलिस राष्ट्रीय मुख्यालय के उप महानिरीक्षक आंद्रेज फिजोलेक के मुताबिक, माना जा रहा है कि घर में मृत मिले लोग हमलावर के माता-पिता और बहन थे।
हमले में घायल हुए दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने दोनों घायल जवानों—सीनियर कांस्टेबल याकूब कुलिक और सीनियर कांस्टेबल अर्तुर मोरंस्की के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्राण जोखिम में डालकर कई जिंदगियां बचाईं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पुलिसकर्मी की मौत नहीं हुई है।
सुरक्षा बलों ने हमलावर की कार से अन्य हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं। इस दुखद घटना के मद्देनजर क्राको नगर निगम प्रशासन ने शहर में 11 नवंबर तक के लिए आधिकारिक शोक की घोषणा की है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0