संस्कारों और सम्मान से संवरती सुरक्षा: आउटर नॉर्थ पुलिस ने बुजुर्गों का बढ़ाया मान
- आउटर नॉर्थ पुलिस ने बुजुर्गों का बढ़ाया मान

राजेंद्र स्वामी, दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली|अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस (1 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में आउटर नॉर्थ जिला पुलिस द्वारा डीसीपी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक विशेष वरिष्ठ नागरिक कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की थीम "Respecting Our Elders – Our Commitment & Campaign" (बुजुर्गों का सम्मान – हमारी प्रतिबद्धता और अभियान) रखी गई। कार्यक्रम का सफल आयोजन एडीसीपी-I लोकेश्वरन आर (IPS) के मार्गदर्शन में जिले के वरिष्ठ नागरिक सेल द्वारा संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में आउटर नॉर्थ जिले के विभिन्न इलाकों से आए 200 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान डीसीपी शोभित डी. सक्सेना (IPS), एडीसीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बुजुर्गों के बीच बैठकर व्यक्तिगत रूप से उनकी समस्याएं, चिंताएं और सुझाव सुने। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निवारण किया। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस अवसर पर विशेष स्टॉल एवं कैंप लगाए गए। 'वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण मेला' के तहत नए बुजुर्गों का सीनियर सिटीजन सेल में रजिस्ट्रेशन किया गया। इसके अतिरिक्त, एक निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें बुजुर्गों को चश्मे और आई ड्रॉप्स का मुफ्त वितरण किया गया। साथ ही, उपस्थित नागरिकों को कानूनी सहायता, साइबर फ्रॉड से बचाव और आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम को मनोरंजक और तनावमुक्त बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ लाफ्टर व कॉमेडी सेशन का भी आयोजन किया गया, जिसका बुजुर्गों ने भरपूर आनंद लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल routine policing तक सीमित न रहकर बुजुर्गों के साथ एक सीधा और सहयोगात्मक संबंध स्थापित करना है, ताकि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सुरक्षा, सम्मान और गरिमा का माहौल कायम रखा जा सके।

लेखक




टिप्पणियाँ
0