आउटर नॉर्थ पुलिस ने नाकाम की गैंगवार की साजिश, टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार
दो अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद, पुलिस को शक-प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य की हत्या की थी तैयारी।

- राजेंद्र स्वामी , दिल्ली दर्पण
दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिला स्पेशल स्टाफ (AATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित गैंगवार और हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि हाल ही में जेल से बाहर आया योगेश (26) नरेला के नया बांस, होलंबी रोड स्थित एक स्कूल के पास अवैध हथियार के साथ आएगा और प्रतिद्वंद्वी गैंग के एक सदस्य की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में AATS की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने मौके से योगेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.65 एमएम की एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान योगेश ने खुलासा किया कि उसने एक अन्य देसी पिस्टल अपने साथी राजेश उर्फ चाकू को दी थी, जिसे उसने रोहिणी सेक्टर-20 स्थित अपने घर में छिपा रखा था। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर राजेश को गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से एक देसी पिस्टल बरामद कर ली।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, योगेश नरेला के स्वतंत्र नगर का रहने वाला है और उसका संबंध टिल्लू ताजपुरिया गैंग से बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी राजेश उर्फ चाकू रोहिणी सेक्टर-20 का निवासी है। पुलिस कर रही है आगे की जांच पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन, गैंगवार की साजिश, संभावित निशाने और आरोपियों के अन्य साथियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0