–दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली, 14 अप्रैल 2025: सोशल मीडिया का लोकप्रिय मंच इंस्टाग्राम न केवल मनोरंजन और संवाद का माध्यम है, बल्कि सकारात्मक कंटेंट और शुचिता के साथ सामाजिक बदलाव का भी जरिया बन सकता है। हालांकि, आज इंस्टाग्राम पर गलत नैरेटिव, फर्जी खबरें, साइबर बुलिंग और अनुचित सामग्री का दुरुपयोग भी देखा जा रहा है, जो समाज के लिए चिंता का विषय है। इस दुरुपयोग को रोकने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से दिल्ली में भारत की पहली इंस्टा फैमिली का गठन किया गया। इस अवसर पर इंस्टा आइडल मीट 2025 का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें देशभर से इंस्टा प्रेमी एकजुट हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसीपी मनोज कुमार, दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने साइबर क्राइम के बढ़ते खतरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर फिशिंग, हैकिंग, और निजी जानकारी के दुरुपयोग जैसी घटनाएं आम हो रही हैं। उन्होंने जागरूकता और सावधानी बरतने के तरीके साझा किए, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन बंसल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, वज्र वाहिनी ने की, उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया।
कार्यक्रम संयोजक नीलम सिंह और इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मीट में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें कांच खजूरिया (जम्मू), झरना भट्टाचार्य (वाराणसी), कंवलजीत (पंजाब), शरीन अंसारी (मुंबई), निवेदिता गांगुली (कोलकाता), और बेनजीर (बेंगलुरु) शामिल रहीं। इंस्टा फैमिली के सदस्यों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, संगीत और विचारों का आदान-प्रदान शामिल रहा। सभी ने जमकर मस्ती की और संकल्प लिया कि वे इंस्टाग्राम की शुचिता को बनाए रखने के लिए इस इंस्टा फैमिली के साथ जुड़ेंगे।इस आयोजन में यह भी चर्चा हुई कि इंस्टाग्राम पर गलत सूचनाएँ और अनैतिक कंटेंट समाज में भ्रम और तनाव पैदा कर रहे हैं। इंस्टा फैमिली ने इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। यह पहली शुरुआत थी, और अब यह अभियान देशभर में जोर-शोर से चलाया जाएगा, ताकि इंस्टाग्राम को एक सुरक्षित, प्रेरणादायक और रचनात्मक मंच बनाया जा सके।