जैसलमेर: राजस्थान के एक जैसलमेर जिले में रविवार को 18 वर्षीय युवक हाजी खान की एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे से मौत हो गई। जब हादसा हुआ उस समय हाजी खान अपनी दादी की कब्र पर जियारत करने के बाद बाइक से अपने घर को लौट रहा था।
पुलिस के बताये अनुसार, खुईयाला थाना क्षेत्र में युवक की बाइक अचानक से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और छूटते ही पत्थरों से टकरा गई। हादसे में उसके सिर पर बेहद गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा है कि युवक रील बनाते हुए, बाइक चला रहा था। हालांकि, मृतक के चचेरे भाई ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज किया है। उनका कहना है कि हाजी खान दादी की कब्र से सामान्य रूप से घर को लौट रहा था और हादसे के समय उसके पास मोबाइल भी नहीं था।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की कोई अफवाहों पर विश्वास न करें और उन्हें आगे न फैलाएं।
फ़िलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की तुरंत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर फिसलने की बात सामने आई है, जबकि रील बनाने की बात पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
