चीन की वैज्ञानिक प्रगति का हवाला देकर अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर हमला, बुनियादी सुविधाओं पर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चीन की वैज्ञानिक प्रगति का उदाहरण देते हुए देश की प्रशासनिक व्यवस्था और नीतियों पर कड़ा ऐतराज जताया है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चीन की वैज्ञानिक प्रगति की तुलना भारत की वर्तमान स्थिति से करते हुए देश के नेतृत्व और नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चीन 'आर्टिफिशियल सन' यानी कृत्रिम सूरज का निर्माण कर रहा है। उन्होंने बताया कि न्यूक्लियर फ्यूजन के जरिए असीमित और स्वच्छ ऊर्जा पैदा करने वाला यह प्रोजेक्ट साल 2030 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
वहीं भारत की स्थिति पर चिंता जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार से बुनियादी सुविधाएं भी नहीं संभल पा रही हैं। उनके अनुसार देश में न तो ठीक से सड़कें बन पा रही हैं और न ही पुल टिक पा रहे हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा कि एक ही बारिश में शहरों का बुरा हाल हो जाता है और हर तरफ कूड़े के ढेर नजर आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का ध्यान विकास और आधुनिक तकनीक पर नहीं है।
आप संयोजक ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का ध्यान विधायकों-सांसदों की खरीद-फरोख्त, दूसरी पार्टियों को तोड़ने और चुनावों में फर्जी वोट जुड़वाने में लगा हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उन छोटे बच्चों पर एफआईआर दर्ज कराने में व्यस्त हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उनका मजाक बनाया था।
देश के भविष्य का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भारत को आगे ले जाने के लिए सही नीतियों की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज देश को छोटी सोच वाले नहीं, बल्कि दूरदर्शी और बड़ी सोच वाले प्रधानमंत्री की सख्त जरूरत है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0